एजुकेशन

AIIMS Jammu Recruitment 2026: एम्स में सीनियर रेजिडेंट बनने का मौका, 86 पदों के लिए आज से शुरू हुए आवेदन

AIIMS Jammu ने सीनियर रेजिडेंट/डेमोंस्ट्रेटर के 86 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। उम्मीदवार AIIMS जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट aiimsjammu.edu.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

Image

एम्स में सीनियर रेजिडेंट बनने का मौका, 86 पदों के लिए आज से शुरू हुए आवेदन (AI Generated/Newsroom Verified)

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान जम्मू (AIIMS Jammu) ने सीनियर रेजिडेंट/डेमोंस्ट्रेटर के 86 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। मेडिकल क्षेत्र में पोस्टग्रेजुएशन की डिग्री और संबंधित विषय में जरूरी योग्यता रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज 19 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक AIIMS जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट aiimsjammu.edu.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

अलग-अलग विभागों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग रखी गई है। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को अपने विषय और पद के हिसाब से पात्रता जरूर जांच लेनी चाहिए।

इंटरव्यू कब और कहां होगा?

AIIMS जम्मू की इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। इंटरव्यू AIIMS विजयपुर, जम्मू के एकेडमिक ब्लॉक की छठी मंजिल पर बने बोर्ड रूम में आयोजित किया जाएगा।

उम्मीदवारों को इंटरव्यू वाले दिन सुबह 9:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। हालांकि, इंटरव्यू की तय तारीख अभी अलग से जारी की जाएगी। ऐसे में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को AIIMS जम्मू की वेबसाइट पर भर्ती से जुड़ी नई जानकारी और इंटरव्यू नोटिस देखते रहना चाहिए।

किन-किन विषयों में होगी भर्ती?

इस भर्ती के तहत कई मेडिकल विभागों में पद शामिल किए गए हैं। इनमें एनेस्थीसियोलॉजी, एनाटॉमी, कार्डियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, रेडियोलॉजी और रेडियोथेरेपी जैसे विषय शामिल हैं।

इसके अलावा माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी, मनोचिकित्सा, ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र विज्ञान तथा प्रसूति एवं स्त्री रोग समेत अन्य विभागों में भी पद हैं।

ज्यादातर मेडिकल विषयों के लिए संबंधित क्षेत्र में MD, MS, DNB या DM/MCh जैसी निर्धारित योग्यता मांगी गई है। उम्मीदवारों को अपने संबंधित विभाग की योग्यता आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में जरूर देखनी चाहिए।

नॉन-मेडिकल उम्मीदवारों के लिए भी मौका

इस भर्ती में कुछ विषयों के लिए नॉन-मेडिकल उम्मीदवारों को भी आवेदन का मौका दिया गया है। एनाटॉमी और फार्माकोलॉजी जैसे विषयों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने वाले नॉन-मेडिकल उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

ऐसे उम्मीदवारों के लिए संबंधित विषय में MSc/M Biotech और PhD जैसी योग्यता निर्धारित की गई है। यानी कुछ पदों पर पात्रता केवल मेडिकल डिग्री तक सीमित नहीं है। हालांकि, किस विषय में कौन सी डिग्री मान्य होगी, इसकी जानकारी उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन से जरूर मिलानी चाहिए।

अगर आपको आवेदन से जुड़ी समस्या आ रही है तो आप ithelpdesk@aiimsjammu.edu.in पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा आप recruitmentcellaiimsjammu@gmail.com पर ईमेल भी कर सकते हैं।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article