दिल्ली

यात्रियों में अफरा-तफरी के बीच दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी, कहा-'हमें खुशी है कि पटरी पर आ रही Indigo की उड़ान सेवा'

दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने एक परामर्श में कहा कि 'हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि विमानन कंपनी इंडिगो का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की तरफ लौट रहा है। यहां इंडिगो की उड़ान सेवा में कुछ समय के लिए दिक्कत आई थी।' दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रा के लिए निकलने से पहले यात्रियों से अपना टिकट और फ्लाइट का स्टेटस एक बार जांच करने के लिए कहा है।

Image

दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान्य हो रहा इंडिगो का परिचालन।

Photo : ANI

Delhi Airport Advisory: देश भर में कई एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से यात्रियों काफी परेशान हैं। इस बीच, दिल्ली एयरपोर्ट से शनिवार सुबह यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई। दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने एक परामर्श में कहा कि 'हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि विमानन कंपनी इंडिगो का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की तरफ लौट रहा है। यहां इंडिगो की उड़ान सेवा में कुछ समय के लिए दिक्कत आई थी।' दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रा के लिए निकलने से पहले यात्रियों से अपना टिकट और फ्लाइट का स्टेटस एक बार जांच करने के लिए कहा है।

इंडिगो की 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द

इंडिगो की 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द किये जाने के बीच एयरलाइन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि 10 से 15 दिसंबर के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। एल्बर्स ने एक वीडियो संदेश में उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हुई भारी असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'दुर्भाग्यवश पिछले कुछ दिनों में उठाए गए कदम पर्याप्त साबित नहीं हुए हैं। इसलिए हमने आज अपनी सभी प्रणाली और समय-सारिणियों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन यह सुधार और कामकाज बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।'

एल्बर्स ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि कल रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1,000 से कम रहेगी। विशिष्ट एफडीटीएल (उड़ान ड्यूटी समयसीमा) कार्यान्वयन राहत प्रदान करने में डीजीसीए का सहयोग बहुत मददगार साबित हुआ है।"

यात्रियों की शिकायत उड़ान के बारे में अपडेट नहीं मिल रहा

कई यात्रियों की शिकायत है कि एयरलाइन अब भी उन्हें उड़ान में देरी और रद्द होने के बारे में सूचित नहीं कर रही है, जिससे यात्रा की लागत बढ़ रही है। मुनीब चौरसिया को बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से अपने एक दोस्त और मां के साथ मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन जब वह शाम चार बजे की उड़ान पकड़ने के लिए अपने घर से 44 किलोमीटर दूर गोरखपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उड़ान में देरी हो रही है। रात नौ बजे एयरलाइन ने उन्हें बताया कि उड़ान रद्द कर दी गई है और शुक्रवार के लिए पुनर्निर्धारित कर दी गई है। शुक्रवार को जब चौरसिया हवाई अड्डे पहुंचे तो उन्हें फिर बताया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है।

चौरसिया ने कहा,‘यह मुंबई जैसा नहीं है, जहां अच्छा सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध है। अकेले हवाई अड्डे तक आने में 2,000 रुपये खर्च होता है। मैंने यह यात्रा चार बार की (दो बार आने- दो बार जाने में) जिसके लिए मुझे 8,000 रुपये खर्च करने पड़े और मुंबई के लिए मेरा टिकट 10,000 रुपये का था।' निराश होकर उन्होंने इंडिगो से पूरा पैसा वापस मांगा और मुंबई के लिए ट्रेन टिकट बुक करा लिया, क्योंकि अन्य एयरलाइन का किराया प्रति व्यक्ति 53,000 रुपये तक पहुंच गया है। चौरसिया ने कहा, ‘सिर्फ मेरी उड़ान में देरी नहीं हुई। हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मची हुई है और अन्य शहरों के लिए उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’

यात्रियों ने सुनाई अपनी परेशानी

मुंबई हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ नाराज यात्री उड़ानें रद्द होने पर इंडिगो कर्मचारियों पर चिल्लाते नजर आए। मीडिया पेशेवर अभिलाषा सिंह की भी ऐसी ही कहानी थी। बिहार की मूल निवासी सिंह इंडिगो की उड़ान से मुंबई से पटना जाने वाली थी। उन्होंने बताया कि सुबह 6:30 बजे संदेश मिला कि उनकी इंडिगो उड़ान समय पर है। सिंह ने कहा, 'जब मैं हवाई अड्डे पर पहुंची तो मुझे बताया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है। उन्होंने मुझे उड़ान रद्द किये जाने के बारे में सूचित भी नहीं किया। इंडिगो के ग्राउंड स्टाफ ने बुकिंग पुनर्निर्धारित करने की पेशकश की, लेकिन हवाई अड्डे पर कई ऐसे यात्री थे जिनकी बुकिंग एक दिन पहले पुनर्निर्धारित की गई थी और जब वे हवाई अड्डे पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी उड़ान फिर से रद्द कर दी गई है।' सिंह ने बताया कि उन्होंने वैकल्पिक उड़ान बुक करने की कोशिश की, लेकिन कीमतें बहुत बढ़ गईं।

देश भर में हवाई यात्रा शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी अस्त-व्यस्त रही, क्योंकि देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने लगभग 500 उड़ानें रद्द कर दी। इससे हजारों यात्री घंटों फंसे रहे और उनके पास विकल्पों की कोई स्पष्टता नहीं थी। यह संकट तब उत्पन्न हुआ जब इंडिगो पायलटों के उड़ान-समय के नए नियमों की योजना बनाने में विफल रही। इस बीच इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि एयरलाइन को शनिवार को 1,000 से कम उड़ानें रद्द होने और 10-15 दिसंबर के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article