दिल्ली

Indigo Flight Crisis: दिल्ली से इंडिगो की आज की सभी फ्लाइट्स रात 12 बजे तक कैंसिल, देशभर में 400 से ज्यादा

Indigo Flight Cancellation Update: 5 दिसंबर यानी शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होने वाली इंडिगो की सभी फ्लाइट्स रात 12 बजे तक कैंसिल कर दी गई हैं।

Image

दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होने वाली इंडिगो की सभी फ्लाइट्स रात 12 बजे तक कैंसिल (फोटो: canva)

Indigo Flight Cancellation Update: इंडिगो फ्लाइट को लेकर संकट और गहरा गया है। ताजा घटनाक्रम में बताया जा रहा है कि शुक्रवार यानी 5 दिसंबर को दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) से रवाना होने वाली इंडिगो की सभी फ्लाइट्स रात 12 बजे तक कैंसिल कर दी गई हैं। इंडिगो के अनुसार, उनकी टीमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, डीजीसीए, बीसीएएस, एएआई और विभिन्न हवाईअड्डा संचालकों के सहयोग से स्थिति को सामान्य करने में लगातार जुटी हैं।

IndiGo का कहना है कि वह देरी के 'कास्केडिंग इफेक्ट' को कम करने और संचालन को जल्द से जल्द सुचारू करने की दिशा में हर संभव कदम उठा रही है। गौर हो कि इंडिगो की उड़ानें पिछले तीन दिनों से लगातार रद्द हो रही हैं और रोजाना आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। विमानन नियामक डीजीसीए के मुताबिक, इंडिगो की रोजाना लगभग 170-200 फ्लाइट्स कैंसिल हो रही हैं, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।

उड़ानों की संख्या कम करने का निर्णय

ताजा जानकारी के मुताबिक, इंडिगो ने 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। हालांकि, फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य होने में अभी काफी समय लग जाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इंडिगो ने डीजीसीए को सूचित किया कि वह 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करेगी और 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह से स्थिर संचालन बहाल हो जाएगा, जबकि अगले कुछ दिनों में और उड़ानें रद्द होने की आशंका है।

उड़ानों की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाईअड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ानों की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें। कंपनी ने इसके लिए अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर फ्लाइट-स्टेटस लिंक उपलब्ध कराया है। IndiGo ने कहा कि वह यात्रियों की असुविधा को पूरी तरह समझती है और सेवाओं को शीघ्रता से स्थिर करने पर केंद्रित है।

इंडिगो के मैनेजमेंट पर नाराजगी जताई

इंडिगो फ्लाइट के लगातार कैंसिल होने के मामले को सिविल एविएशन मंत्रालय ने काफी गंभीरता से लिया है। इसे लेकर मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने एक बड़ी बैठक की है। इस बैठक में कई बड़े अधिकारी शामिल थे। उन्होंने इंडिगो के मैनेजमेंट पर नाराजगी जताई और इसके समाधान को लेकर सख्त निर्देश भी दिए हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने खुद इंडिगो के सीनियर मैनेजमेंट के साथ एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें सिविल एविएशन सेक्रेटरी, डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन, मंत्रालय के सीनियर अधिकारी और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी मौजूद थे।

इंडिगो ने कैंसिलेशन पर डेटा पेश किया

मीटिंग के दौरान इंडिगो ने कैंसिलेशन पर डेटा पेश किया और इस दिक्कत के लिए क्रू प्लानिंग में चुनौतियों, बदले हुए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों को लागू करने और मौसम से जुड़ी दिक्कतों को जिम्मेदार ठहराया। यह बताया गया कि बेहतर थकान प्रबंधन और बेहतर फ्लाइट सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोर्ट के निर्देशों के अनुसार बदले हुए एफडीटीएल नियमों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया था। राम मोहन नायडू ने एयरलाइन के हालात को संभालने के तरीके पर नाराजगी जताई और जोर दिया कि नई रेगुलेटरी जरूरतों को आसानी से अपनाने के लिए पर्याप्त तैयारी का समय था। मंत्री ने इंडिगो को तुरंत ऑपरेशन सामान्य करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मौजूदा हालात की वजह से हवाई किराए में कोई बढ़ोतरी न हो।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article