Uttam Nagar Fire: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर के पीर बाबा रोड पर बुधवार शाम एक LPG रिफिलिंग दुकान में हुए सिलेंडर विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी भी लपटों में घिर गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
7 दमकल गाड़ियां पहुंची
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक धमाका शाम करीब 6:20 बजे हुआ। सूचना मिलते ही सात फायर टेंडर्स को मौके पर रवाना किया गया। आग का प्रभाव काफी गंभीर बताया गया है और इसे फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने तेजी से ऑपरेशन शुरू किया।
पड़ोस की दुकान को भी नुकसान
धमाके के कारण आग ने रिफिलिंग दुकान के साथ सटे क्रॉकरी शॉप को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार रिफिलिंग के दौरान एक सिलेंडर में आग भड़की, जिसके बाद दुकान में रखे अन्य सिलेंडरों में भी अचानक विस्फोट हो गया।
7:50 बजे तक आग पर पाया काबू
दमकल विभाग ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद 7:50 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस और दमकल अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि आग सिलेंडर लीकेज के कारण लगी होगी। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल रहा, लेकिन आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
