दिल्ली

Delhi Murder: संगम विहार में लॉ स्टूडेंट की हत्या, मामूली कहासुनी के बाद युवक को घरवालों ने ही गोदा चाकू

दिल्ली के संगम विहार में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना हुई, जहां मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। कूड़े की सफाई को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप धारण कर लिया और 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद, जो दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था, अपने ही चाचा और चचेरे भाई के हमले का शिकार हो गया।

delhi murder

मृतक की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder News: दिल्ली के संगम विहार इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मामूली कहासुनी ने एक लॉ स्टूडेंट की जान ले ली। कूड़े की सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही भतीजे को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था।

कूड़े को लेकर हुई कहासुनी

घटना नेब सराय थाने के तहत आने वाले संगम विहार क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह इरशाद की मां का उसकी चाची के साथ घर के बाहर जमा कूड़े को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो महिलाओं के बीच का झगड़ा घर के पुरुषों तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आए इरशाद के सगे चाचा और चचेरे भाई ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

धारदार हथियार से किए गए हमले के कारण इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चाचा और चचेरे भाई पर हत्या का आरोप

इरशाद की बहनों, हलीमा और नगमा, का कहना है कि यह विवाद अचानक नहीं हुआ बल्कि परिवार में पुराने तनाव भी चल रहे थे। कूड़े को लेकर हुई बहस ने उस तनाव को भड़का दिया और आरोपियों ने मौके पर ही इरशाद की जान ले ली।

सीसीटीवी फुटेज में झगड़े की पुष्टि

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच झगड़े की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, विवाद साफ-सफाई के मुद्दे पर शुरू हुआ था, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गया। नेब सराय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। उनसे पूछताछ के बाद पूरे मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article