Road Accident: यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण एक्सीडेंट, युवक-युवती की मौत, अक्टूबर में होने वाली थी शादी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 10, 2022, 09:10 PM IST

Road Accident In Mathura: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में दिल्ली के कपल की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने कार सवार युवक और युवती को कुचल दिया। जिससे दोनों की मौत हो गई।

Road Accident: यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण एक्सीडेंट, युवक-युवती की मौत, अक्टूबर में होने वाली थी शादी
Photo Credit: Representative Image

Mathura Road Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में दिल्ली निवासी दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मथुरा के थाना बलदेव इलाके में यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा हो गया। एक्सप्रेस- वे पर माइलस्टोन 135 के पास एक कार अज्ञात वाहन से टकरा गई। दर्दनाक हादसे में कार सवार युवक और युवती ने मौके पर दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से शव निकलवाए। युवक और युवती के शव कार में बुरी तरह फंसे थे। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक और युवती पहचान हुई। 

गैस कटर से गाड़ी को काटकर निकाले गए शव

जानकारी के मुताबिक नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आरके पुरम सेक्ट आठ के रहने वाले विशाल पुत्र एसएन प्रसाद अपनी मंगेतर अलका पुत्री प्रदीप कुमार के संग कार से आगरा जा रहे थे। बलदेव थाना इलाके में रात करीब 12.30 बजे इनकी कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में विशाल और अलका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों ही दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे थे। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गैस कटर से गाड़ी को काटकर दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही रात में ही परिजन मथुरा पहुंच गए। पुलिस ने युवक और युवती को शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

अगले महीने 18 अक्टूबर को होनी थी शादी 

पुलिस के अनुसार युवक और युवती दिल्ली के रहने वाले थे। दोनों की अगले महीने 18 अक्टूबर को शादी होना तय थी। विशाल और अलका दिल्‍ली से आगरा घूमने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार विशाल और अलका की सगाई हो गई थी। अगले महीने  दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे। दोनों ही परिवार शादी की तैयारियां में जुटे थे। देर रात जैसे ही दोनों के परिवार को हादसे की सूचना मिली तो कोहराम मच गया। वहीं, जिला अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने आशंका जताई है कि तेज रफ्तार की कारण यह हादसा हुआ है। 
 

End of Article