कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर बोले डिप्टी सीएम सिसोदिया- घबराने की जरूरत नहीं, हमें COVID19 के साथ जीना सीखना होगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 19, 2022, 04:39 PM IST

कोरोना के नए मामले बढ़ने पर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया बोले-हमें COVID19 के साथ जीना सीखना होगा क्योंकि यह कुछ क्षमता में रहेगा; अगर यह और बढ़ता है तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे।

कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर बोले डिप्टी सीएम सिसोदिया- घबराने की जरूरत नहीं, हमें COVID19 के साथ जीना सीखना होगा

नई दिल्ली:  दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को 24 घंटों में कोविड 19 के 501 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान किसी की इस महामारी से मौत नहीं हुई है। पिछले 24 घंटों में 290 मरीज ठीक भी हुए हैं। दिल्ली में अब एक्टिव केस 1729 हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.72% हो गई है।

वहीं राजधानी दिल्ली में कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि हमें COVID19 के साथ जीना सीखना होगा क्योंकि यह कुछ क्षमता में रहेगा; अगर यह और बढ़ता है तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे। फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। गिनती आ रही है, इसलिए हमारी 20 अप्रैल को विशेषज्ञों और डीडीएमए के साथ बैठक है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि फिलहाल हॉस्पिटल में ज्यादा केसेज नहीं हैं, इसलिए ज्यादा परेशानी वाली बात नहीं है 20 अप्रैल को DDMA मीटिंग में हम एक्सपर्ट से बात करेंगे और उनसे समझने की कोशिश करेंगे कि वे इसे किस रूप में देख रहे हैं।

"यह चिंताजनक स्थिति नहीं है क्योंकि अस्पताल में मरीजों के भर्ती होने की दर कम है"

वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन यह चिंताजनक स्थिति नहीं है क्योंकि अस्पताल में मरीजों के भर्ती होने की दर कम है। सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि मास्क लगाना जरूरी है। बुधवार यानी 20 अप्रैल को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी जिसमें मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना लगाने पर विचार किये जाने की उम्मीद है। 

End of Article