Delhi Crime: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, साढ़े तीन साल से फरार इनामी बदमाश दबोचा गया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2022, 03:04 PM IST

Delhi Crime: दिल्‍ली की एक किशोरी से बुलंदशहर में गैंगरेप कर हत्‍या करने के मामले में फरार मुख्‍य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी साढ़े तीन साल से फरार था, यूपी पुलिस ने इस पर 25 हजार का इनाम रखा था। इस वारदात में शामिल चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

Delhi Crime: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, साढ़े तीन साल से फरार इनामी बदमाश दबोचा गया
Photo Credit: Representative Image

Delhi Crime: दिल्‍ली की रहने वाली 17 साल की एक किशोरी से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के मामले में करीब साढ़े तीन साल से फरार आरोपी को दिल्‍ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया है। पुलिस ने इसकी पहचान देवली के रहने वाले संजू के तौर पर की है, जो इस वारदात का मुख्‍य आरोपी था। यूपी पुलिस ने इसे 25 हजार रुपये का भगौड़ा अपराधी घोषित कर रखा था। गैंगरेप और हत्‍या के इस मामले में शामिल चार आरोपितों को बुलंद शहर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

डीसीपी अमित गोयल ने इस अपराध के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन पांचों ने शराब के नशे में किशोरी के साथ घिनौनी हरकत की थी। मृतक किशोरी, संजू की प्रेमिका थी और अपने घर से भागकर उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। आरोपी संजू पहले एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन कुछ समय बाद ही नौकरी छोड़ कर अपना डेयरी का व्यवसाय शुरू कर दिया था। इस आरोपी ने पहले भी एक शादी की थी, लेकिन बीबी को छोड़ दिया।

दोस्‍तों के साथ मिलकर किया था गैंगरेप

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी संजू मृतक किशोरी के संपर्क में वर्ष 2018 में आया था। कुछ मुलाकातों के बाद वे दोनों करीबी दोस्त बन गए और किशोरी अपना घर छोड़कर  इसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने चार दोस्‍तों व किशोरी के साथ जनवरी 2019 में एक तांत्रिक से मिलने बुलंदशहर गए थे। वहां पर सभी ने नशे में धुत होकर एक के बाद एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी ने जब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी तो सभी ने मिलकर किशोरी की हत्या कर दी। इसके बाद किशोरी का शव एक खेत में फेंक कर फरार हो गए। घटना के बाद यूपी पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुख्‍य आरोपी संजू फरार हो गया। यह दिल्ली का अपना घर छोड़कर गुरुग्राम में रहने लगा। यहां पर यह टैक्‍सी चलाने का कार्य करता था।

End of Article