दिल्‍ली में फिर कांपी धरती, पश्चिमी दिल्‍ली इलाके में महसूस किए गए भूकंप के झटके

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2021, 10:13 AM IST

Earthquake in Delhi: दिल्‍ली में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पश्चिमी दिल्‍ली के इलाके में झटके महसूस किए गए हैं। सुबह 9:17 बजे यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए।

दिल्‍ली में फिर कांपी धरती, पश्चिमी दिल्‍ली इलाके में महसूस किए गए भूकंप के झटके
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राष्‍ट्रीय भूर्गभ विज्ञान केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी दिल्‍ली के इलाके में सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्‍टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई।

तीव्रता कम होने की वजह से ज्‍यादातर लोगों को इस बारे में पता भी नहीं चल पाया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्‍मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दिल्‍ली से 2.8-8 किलोमीटर उत्‍तर-पश्चिम में 15 किलोमीटर की गहराई में पाया गया।

दिल्‍ली के विभिन्‍न इलाकों में इससे पहले भी कम तीव्रता के भूकंप के झटके आ चुके हैं, जिस बारे में लोगों को पता भी नहीं चला। पश्चिमी दिल्‍ली इलाके में गुरुवार को महसूस किए गए भूकंप के झटके बीते एक सप्‍ताह में यहां ऐसा तीसरा झटका बताया जा रहा है।

दिल्‍ली और आसपास के इलाके में बीते साल भी भूकंप के कई झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्‍मोलॉजी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्‍ली या उसके 200 किलोमीटर के दायरे में बीते साल भूकंप के छोटे-मध्‍यम तीव्रता के 51 महसूस किए गए थे।

दिल्‍ली में बीते 25 दिसंबर को भी सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जब लोग क्रिसमस की तैयारियों में जुटे थे। उस दिन इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 2.3 मापी गई थी। इससे पहले 17 दिसंबर को भी दिल्‍ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जब इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 4.2 मापी गई थी।

End of Article