दिल्ली सरकार ने घोषणा की है कि सभी सरकारी कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र लाभार्थियों को एहतियाती खुराक मुफ्त में उपलब्ध होगी। निजी टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से 18 साल से अधिक आबादी को कोरोना वायरस वैक्सीन की एहतियाती या तीसरी खुराक लगना 10 अप्रैल से पूरे देश में शुरू हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश में कहा है कि दिल्ली में 18 से 59 आयु वर्ग के लिए सभी पात्र लाभार्थियों को एहतियाती खुराक का लाभ देने के लिए वैक्सीन सभी सरकारी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर 21 अप्रैल से मुफ्त उपलब्ध होगी।
दिल्ली के लिए कोविन पोर्टल में आवश्यक बदलाव किए गए हैं, जिसमें जिसमें ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और वॉक-इन दोनों उपलब्ध होंगे। राजधानी में कोरोना के मामलों में तेजी के बीच यह फैसला आया है।
दिल्ली सरकार ने बुधवार को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया और उल्लंघन करने वालों पर 500 रुपए के जुर्माने की घोषणा की। दिल्ली में सभी कोविड संक्रमित लोगों के नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी शुरू की गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कोई नया वेरिएंट हैं, जो शहर में फैल गया है।

