Delhi Violence: 10 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा गया उमर खालिद, UAPA के तहत हुई है गिरफ्तारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 14, 2020, 10:48 PM IST

Umar Khalid: दिल्ली हिंसा मामले में कोर्ट ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्र उमर खालिद को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। उस पर हिंसा के लिए लोगों को भड़काने का आरोप लगा है।

Delhi Violence: 10 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा गया उमर खालिद, UAPA के तहत हुई है गिरफ्तारी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : दिल्ली की एक कोर्ट ने दिल्ली हिंसा मामले में गिरफ्तार जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्र उमर खालिद को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को उमर को यूएपीए कानून के तहत गिरफ्तार किया। स्पेशल सेल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसे कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से उमर को पुलिस हिरासत में देने की मांग की जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए उसे 10 दिनों की कस्टडी में भेज दिया।

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की मांग स्वीकार की
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि मामले में बहुत सारे साक्ष्य मिले हैं जिनसे आरोपी का सामना कराने की जरूरत है। अपने दस्तावेज में दिल्ली पुलिस ने उमर खालिद पर उत्तर पूर्वी दिल्ली में गत फरवरी महीने में भीड़ को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली में तीन दिनों तक 23 फरवरी से 25 फरवरी तक हिंसा का दौर चला और इस हिंसा में 53 लोगों की जान गई और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए। मामले में दायर अपनी प्राथमिकी में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि खालिद और दो अन्य ने मिलकर हिंसा भड़काने के लिए एक 'सोची समझी साजिश' रची। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत आने से पहले इन लोगों की तरफ से भड़काउ भाषण दिए गए।

उमर पर है हिंसा भड़काने का आरोप
उमर और अन्य पर देशद्रोह, हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा कराने और धर्म के आधार पर लोगों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने का आरोप लगा है। बता दें कि चांद बाग हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने गत मार्च में उमर खालिद और आप के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन को मुख्य आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की। उमर के साथ 'यूनाइटेड अगेंस्ट हेट' के सह संस्थापक खालिद सैफी को जेएनयूएसयू के पूर्व नेता और आप के पार्षद ताहिर के बीच कथित रूप से बैठक कराने के लिए गिरफ्तार किया गया है। उत्तर पूर्वी हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने गत अगस्त में उमर से पूछताछ की थी। इस दौरान पुलिस ने उमर का मोबाइल फोन जब्त किया। दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए उमर को रविवार को बुलाया और उससे 10 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। 

पिता ने किया ट्वीट
उमर के पिता इलिया एसक्यूआर ने गिरफ्तारी के बाद ट्वीट किया, 'दिल्ली पुलिस ने मेरे बेटे उमर खालिद को यूएपीए के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे दिन के एक बजे से पूछताछ कर रही थी। उसे दिल्ली दंगों में फंसाया गया है।' उन्होंने 'स्टैंड विथ उमर खालिद' के हैशटैग के साथ ट्वीट किया।     

End of Article