Arvind Kejriwal: दिल्‍ली के CM अरविंद केजरीवाल फिर चुने गए AAP के संयोजक, राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी में फैसला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 12, 2021, 01:32 PM IST

Arvind Kejriwal AAP party: आम आदमी पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक के तौर पर चुना गया है।

Arvind Kejriwal: दिल्‍ली के CM अरविंद केजरीवाल फिर चुने गए AAP के संयोजक, राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी में फैसला

नई दिल्‍ली : दिल्‍ली में सत्‍तारूढ़ आम आदमी पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक के तौर पर चुना गया है। आप की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई अन्‍य पदों को लेकर भी फैसला किया गया।

आम आदमी पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पंकज गुप्‍ता को जहां एक बार फिर आप के राष्‍ट्रीय सचिव के तौर पर चुना गया, वहीं एनडी गुप्‍ता को राष्‍ट्रीय कोषाध्‍यक्ष के पद पर चुना गया। आम आदमी पार्टी के इन पदाधिकारियों का कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।

कई राज्‍यों में होने हैं चुनाव

यह लगातार तीसरी बार है जब अरविंद केजरीवाल को आम आदमी पार्टी के संयोजक के तौर पर चुना गया है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इसे काफी अहम समझा जा रहा है। उत्‍तर प्रदेश, पंजाब, उत्‍तराखंड, गुजरात के साथ-साथ गोवा में भी अलगे साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें आप भी एक प्रमुख दावेदार होगी।

पंजाब में जहां बीते विधानसभा चुनाव के दौरान ही आप का प्रदर्शन बेहतर रहा था, वहीं इस बार उसे और अच्‍छे प्रदर्शन की उम्‍मीद है। उत्‍तर प्रदेश और उत्‍ताराखंड में होने वाले विधासभा चुनाव के लिए भी आप ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और यहां केजरीवाल सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं के दौरे भी हो रहे हैं।

आप को बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद

आम आदमी पार्टी गुजरात को लेकर भी बेहद उत्‍साहित है, जहां कुछ ही समय पहले सूरत में हुए निकाय चुनावों में आप ने बेहतर प्रदर्शन किया था। गुजरात में हाल के कुछ समय में कई नामचीन हस्तियां आप से जुड़ी हैं, जिसे देखते हुए पार्टी को यहां भी उम्‍दा प्रदर्शन की उम्‍मीद है। इन सबके बीच अरविंद केजरीवाल को फिर से आप के राष्‍ट्रीय संयोजक के तौर पर चुना जाना अपने आप में महत्‍वपूर्ण है, क्‍योंकि वह पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं।

End of Article