Jalgaon Gangrape: करीब एक महीने पहले महाराष्ट्र के जलगांव में 40 साल की एक महिला से गैंगरेप और इस कृत्य का वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। यही नहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में सर्कुलेट करने के आरोप में तीन नाबालिग भी हिरासत में लिए गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक जलगांव पुलिस ने बताया कि बीते दो जून को जलगांव के जामनेर तालुका पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले वन क्षेत्र में एक 40 वर्षीय महिला अपने पुरुष साथी के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान यह घटना हुई।
महिला को पहले धमकाया फिर दो ने रेप किया
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान 14 से 15 लोगों का एक समूह जो जंगल से लकड़ी इकट्ठा करने आया था, वहां पहुंचा। महिला अपने गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर आई थी और वह उसी समुदाय से ताल्लुक रखती थी जिस समुदाय के युवा थे। समूह के युवा और महिला पहले से एक दूसरे को जानते थे। जंगल में आने पर युवाओं ने पहले महिला को धमकाया और फिर इनमें से दो ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान समूह के अन्य युवाओं ने महिला से रेप का वीडियो बनाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
शुरुआत में पीड़िता ने आरोपियों की धमकियों के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, 25 जून के आसपास घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद सोमवार को फत्तेपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसमें कुल 15 लोगों को नामजद किया गया। इनमें से पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। आरोपियों ने पीड़िता के साथ मौजूद युवक को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
सभी 11 आरोपी 30 वर्ष से कम उम्र के
फत्तेपुर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) (सामूहिक दुष्कर्म) और धारा 77 (वॉयरिज्म) के साथ-साथ वीडियो प्रसारित किए जाने को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही, वीडियो को सोशल मीडिया पर फैलाने वालों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी 11 आरोपी 30 वर्ष से कम उम्र के हैं और मजदूरी का काम करते हैं। उन्हें मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
