Murder in Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के माउंट कैलाश इलाके में एक 45 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी को घटनास्थल से ही बरामद कर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की पहचान मीना के रूप में हुई है, जो घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और माउंट कैलाश स्थित एक इमारत की छत पर खून से लथपथ पड़ी मिली।
इमारत की छत पर खून से लथपथ लाश मिली
पुलिस को सुबह करीब 11:36 बजे पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक महिला की हत्या कर दी गई है और वह पास की एक इमारत की छत पर खून से लथपथ पड़ी है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया, एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को मृत पाया। पुलिस टीम के पहुंचने पर शव के पास 50 वर्ष की आयु का एक व्यक्ति भी मौजूद था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर बल्ले से हमला करने और बाद में चाकू से वार करने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी से पूछताछ जारी
जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह अपराध किसी निजी विवाद के कारण हुआ होगा, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी और पीड़ित के बीच संबंधों की प्रकृति का पता लगाने और हत्या तक पहुंचने वाली घटनाओं के क्रम को समझने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए एक अपराध टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने आगे बताया कि आसपास की इमारतों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही, आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है। अधिकारी ने बताया कि हत्या के पीछे का मुख्य कारण जानने के लिए कई टीमें आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। टीमों ने घटनास्थल से बल्ला और चाकू बरामद कर लिया है।
