Aligarh Murder : यूपी के अलीगढ़ में एक पत्नी द्वारा पति की हत्या करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र में पत्नी ने प्रेमी को तमंचा देकर अपने ही पति की हत्या करा दी। हत्या करने के बाद प्रेमी तमंचा लेकर खुद थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
जानाकारी के मुताबिक आरोपी महिला का अपने प्रेमी से करीब पिछले 8 साल से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका था। गांव वालों ने भी काफी समझाने की कोशिश की लेकिन महिला और प्रेमी मानने को तैयार नहीं हुए।
गुरुवार का मामला
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन के मुताबिक थाना बरला क्षेत्र से आज (10 जुलाई, गुरुवार) सुबह ज्ञात हुआ कि एक पुरुष की हत्या कर दी गई है। जब स्थानीय पुलिस ने इसमें जांच पड़ताल की तो यह पता चला कि उस पुरुष की जो पत्नी थी उसका संबंध गांव के एक व्यक्ति से था जो उसका प्रेमी था । पहले भी इस मसले को लेकर काफी विवाद चल रहा था।
प्रेमी को तमंचा देकर मरवाया
इसी विवाद के बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने का प्लान बनाया। साजिशन महिला ने प्रेमी को तमंचा उपलब्ध करवाया और प्रेमी ने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रेमी गोली मारकर थाने पर गया और फिर उसको हिरासत में लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि मामले की जांच की रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
