Bulandshahr: सड़क पर छेड़खानी के दौरान हादसे में छात्रा की मौत, अमेरिका में पढ़ाई करती थी पीड़िता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2020, 10:38 AM IST

सड़क पर छेड़खानी से बचने के क्रम में छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। लड़की दादरी की बताई जाती है। हादसा बुलंदशहर में हुआ है।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अपराधियों का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। दादरी की रहने वाली एक लड़की की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह लड़की अमेरिका के एक कॉलेज में पढ़ाई करती थी। सिटी एसपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

मृतका के चाचा सतेंद्र भाटी जिनके साथ वह ट्रैवल कर रही थी उन्होंने बताया कि रास्ते में एक बुलेट (बाइक) हमारा काफी समय से पीछा कर रहा था। बुलेट सवार लड़का हमारे सामने आकर रुक गया और हमारा रास्ता रोक कर खड़ा हो गया। इसके बाद मैंने अचानक से संतुलन खो दिया और उसकी बुलेट में अपनी गाड़ी टक्कर मार दी। मेरी भतीजी को इसमें चोटें भी आईं। 

जानकारी के मुताबिक वह अपने चाचा के साथ बाइक पर बैठकर अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। रास्ते में ही बुलेट सवार मनचलों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी थी। इसी क्रम में मनचलों से बचने के क्रम में उसके चाचा बी बाइक असंतुलित हो गई और लड़की बाइक से गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि लड़की का नाम सुदीक्षा था. वह एक मेधावी छात्रा थी। इंटर में टॉप करने के बाद स्कॉलरशिप लेकर अमेरिका पढ़ने चली गई थी। बुलेट पर सवार मनचले बार बार बाइक पर सवार होकर जा रही सुदीक्षा के साथ फ्लर्ट कर रहे थे। वे उनकी बाइक को बार-बार ओवरटेक कर रहे थे जिसके कारण उनकी बाइक असंतुलित होकर हादसे का शिकार हो गई।

सुदीक्षा ने 2018 में बुलंदशहर जनपद में इंटर टॉप किया था। इसके बाद एचसीएल की तरफ से 3 करोड़ 80 लाख रुपए की स्कॉलरशिप पाकर वह अमेरिका में हायर स्टडी करने गई थी। वह वहां पर बॉब्सन कॉलेज में भारत सरकार के खर्चे पर पढ़ रही थी और बुलंदशहर का नाम रौशन कर रही थी।

वह कुछ समय पहले वह अमेरिका से छुट्टी पर आई थी और कुछ दिनों के बाद वापस उसे पढ़ाई के लिए जाना था। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। 
 

End of Article