क्राइम

दारोगा जी की करतूत... आस-पास जब नहीं दिखा कोई तो चुरा लिया बल्ब

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 15, 2022, 10:57 PM IST

प्रयागराज से पहले कानपुर में पुलिसकर्मियों की चोरी पकड़ी गई थी, जहां उन्होंने मोबाइल को चुरा लिया था। तब भी मामला सीसीटीवी में कैद हो गया था। अब एक बार फिर से सीसीटीवी ने ही दारोगा जी की चोरी के राज का पर्दाफाश किया है। इस दोनों घटनाओं से यूपी पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है।

Image

बल्ब चुराते हुए दारोगा सीसीटीवी में कैद

Photo : Twitter

यूपी पुलिस के एक दारोगा ने ऐसी हरकत की है कि पूरे पुलिस डिपार्टमेंट की किरकिरी हो रही है। दारोगा रात के अंधेरे में चुपचाप एक दुकान से बल्ब की चोरी करते हुए पकड़े गए हैं। इस मामले में फजीहत के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच सीओ फूलपुर को सौंपी है।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। कुछ सेकेंड का वीडियो फूलपुर थाना क्षेत्र का है। ये फुटेज 7 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। इसमें एक दारोगा सुनसान जगह पर खड़ा नजर आ रहा है। वहां पहुंचकर वह सबसे पहले इधर-उधर देखता है। इसके बाद दुकान के बाहर लगी बल्ब को निकाल कर जेब में रख लेता है और वहां से चला जाता है।

सुबह जब दुकानदार, दुकान पर आया तो उसने बल्ब को गायब पाया। उसने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में देखा तो दारोगा की चोरी का पता चला। इसके बाद ये मामला जंगल में आग की तरह फैल गया। आरोपी दारोगा राजेश वर्मा फूलपुर थाने में तैनात हैं। सीओ फूलपुर मनोज कुमार सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय जांच बैठा दी गई है।

बता दें कि ये पहली घटना नहीं है, इससे पहले कानपुर में यूपी पुलिस के जवान मोबाइल चोरी करते हुए पकड़े गए थे। तब पुलिसकर्मी ने फुटपाथ पर सो रहे एक शख्स का मोबाइल उठा लिया था। ये घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article