UP Crime News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। एक युवक दिनदहाड़े एक निजी स्कूल में घुसता है, शिक्षिका को खींचते हुए कमरे में ले जाता है और गोली मार देता है। कहानी इतनी ही नहीं है, अब उस घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक, शिक्षिका को सबके सामने से खींचकर ले जा रहा है, उसके बाद भी किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की।
लखीमपुर खीरी के स्कूल के वीडियो में क्या-क्या?
लखीमपुर वाले स्कूल को जो वीडियो सामने आया है, उसमें युवक, महिला टीचर को सीढ़ी पर से खींचते हुए ला रहा है, शिक्षिका जाना नहीं चाह रही थी, लेकिन वो उसे खींचते हुए कमरे में ले जाता है। वीडियो में बच्चों के साथ साथ स्कूल का अन्य स्टाफ भी दिख रहा है, लेकिन उनमें से किसी ने उसे नहीं रोका। अगर किसी ने हिम्मत की होती तो शायद दो जानें बच जातीं।
एक-दूसरों को पहले से जानते थे मृतक
मृत शिक्षिका की पहचान सदर कोतवाली इलाके के हिदायत नगर मोहल्ले की रहने वाली निशात फातिमा (26) के तौर पर हुई है, जबकि आरोपी की पहचान नौरंगाबाद मोहल्ला निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी (28) के रूप में की गई है। जांच से पता चला है कि निशात और सऊद एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे।
पहले शिक्षिका को मारी गोली, फिर खुद को भी मार डाला
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के साथ घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि सऊद पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे निशात से मिलने स्कूल पहुंचा था और उसके साथ ऊपर कक्षा में गया था। गर्ग के मुताबिक, कक्षा में दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी होने के बाद सऊद ने पिस्तौल निकाली और निशात को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गर्ग ने बताया कि निशात को गोली मारने के तुरंत बाद सऊद ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई।
