क्राइम

Ujjain News: पैतृक संपत्ति में हक मांगने पर मिली खौफनाक सजा, महिला के बाल काटे, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पैतृक संपत्ति में अपना अधिकार मांगना एक महिला के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके साथ बर्बरता करते हुए बाल काटे, जूतों की माला पहनाई और अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी शुरू कर दी।

Image

उज्जैन के महिदपुर में इंसानियत शर्मसार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। झारड़ा तहसील के अरनिया वैणा गांव में संपत्ति विवाद के चलते एक विवाहिता के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, उसके बाल काट दिए, कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया और गले में जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान महिला के पति के साथ भी मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके पति को सुरक्षित बाहर निकालकर संरक्षण दिया। मामले में पुलिस ने महिला के ससुर समेत 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह घटना 30 जून की सुबह करीब 9 बजे की है। पीड़िता ने दो दिन बाद अपने पति के साथ थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने साल 2023 में प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद वह अपने पति के साथ इंदौर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में दंपति गांव पहुंचा था ताकि ससुराल की पैतृक संपत्ति में अपना कानूनी हिस्सा मांग सके। इसी दौरान ससुराल पक्ष के कई लोगों ने कथित रूप से पहले से योजना बनाकर दोनों पर हमला कर दिया।

आरोप है कि महिला को घर से घसीटकर बाहर लाया गया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और लोहे के दराते से उसके बाल काट दिए गए। इतना ही नहीं, उसके कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न किया गया और गले में जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। जब उसके पति ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार इस घटना में ससुराल पक्ष के सदस्यों के अलावा गांव के पूर्व कोटवार सहित कुछ अन्य लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ये हैं 11 आरोपी

पुलिस ने बीएनएस की धारा 74,76,79,351(3),115(2),329(2), 61(2) तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुल 11 आरोपी बनाए है जिनके नाम इस प्रकार हैं-

1. सुमेर सिंह पिता कालू सिंह निवासी अरनिया वैणा

2.दशरथ सिंह पिता चैन सिंह राजपूत निवासी अरनिया वैणा

3.पप्पूसिंह पिता बाबू सिंह राजपूत निवासी अरनिया वैणा

4.वीरेन्द्र सिंह पिता बाबू सिंह राजपूत निवासी अरनिया वैणा

5.लखन सिंह पिता भोमसिंह जाति राजपूत निवासी कंथारिया

6.कचरु सिंह पिता धूल सिंह सोंधिया निवासी अरनिया वैणा

7.कृपाल सिंह पिता पर्वत सिंह सोंधिया निवासी अरनिया वैना

8. शम्भु सिंह की पत्नी नि. अरनिया वैणा

9.मोडसिंह की पत्नी नि. अरनिया वैणा

10.विक्रम सिंह की पत्नी नि. अरनिया वैणा

11. बद्रीलाल मालवीय निवासी अरनिया वैणा

वहीं 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव का पूर्व कोटवार, वीडियो बनाने वाला ग्रामीण और महिला के ससुराल पक्ष के लोग शामिल हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article