क्राइम

Punjab में सूडानी छात्रों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, एक की मौत; नमाज अदा कर रहे थे सभी

पंजाब के फगवाड़ा में दो सूडानी छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें एक की मौत हो गई। सभी सुबह नमाज अदा कर रहे थे, तभी छह लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जिनमें से दो के पास चाकू थे।

Image

Punjab में सूडानी छात्रों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, एक की मौत; नमाज अदा कर रहे थे सभी

फगवाड़ा : पंजाब के फगवाड़ा में एक निजी विश्वविद्यालय के पास गुरुवार को सुबह की नमाज पढ़ रहे सूडानी विद्यार्थियों पर छह लोगों ने चाकू से हमला कर दिया जिससे एक छात्र (25 वर्ष) की मौत हो गई और एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मोहम्मद वाडा बाला यूसुफ अहमद के रूप में हुई है, जो यहां माहेरू कॉलोनी में ‘पेइंग गेस्ट’ के रूप में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि घायल अहमद मोहम्मद नूर (सूडानी नागरिक) को जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में नूर ने कहा कि खुद वह, वाडा और तीन महिला मित्र सुबह की नमाज अदा कर रहे थे, तभी छह लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी जिनमें से दो के पास चाकू थे। नूर ने कहा कि हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर उससे उसकी बहन का फोन नंबर मांगा। नूर ने कहा कि जब उनसे बदतमीजी बंद करने को कहा गया, तो हमलावरों ने उस पर और उसके दोस्त वाडा पर चाकू से हमला कर दिया और भाग गए।

इन्होंने किया हमला

पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी प्रभात दुबे घायल छात्रों की मदद के लिए पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने वाडा को मृत घोषित कर दिया। नूर ने अपनी शिकायत में छह हमलावरों के नाम लिए हैं जिनकी पहचान कर्नाटक के अब्दुल अहद; कुंवर अमर प्रताप सिंह, आदित्य गर्ग, मोहम्मद शोएब, सुशांत शैगी और यशवर्धन राजपूत के रूप में हुई है। ये सभी माहेरू कॉलोनी के निवासी हैं।

फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक रूपिंदर कौर भट्टी ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सूडान के दूतावास और मृतक के परिवार को इस घटना की जानकारी दी गयी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article