क्राइम

रांची में चोर ही पहुंच गए थाने, लगाई गुहार- हुजूर करने गई थी चोरी, हो गई जमकर पिटाई, गांव वालों के खिलाफ कार्रवाई करिए

रांची में ग्रामीणों की पिटाई से चोरी करने घुसे लोगों में एक बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि तीन अन्य को भी चोटें आई हैं। उनके दो अन्य साथी भागने में सफल रहे। अब यही चोर पुलिस वाले के पास गांव वालों की शिकायत करने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

Image

चोर की जब हुई पिटाई तो कंप्लेन करने पहुंच गया थाने (AI Photo)

झारखंड की राजधानी रांची में एक अजीब ही मामला सामने आया है, आमतौर पर चोर पुलिस से दूर भागते हैं, लेकिन यहां चोरों की इतनी पिटाई हुई कि वो गांव वालों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए थाने पहुंच गए। पुलिस से कहा कि वो लोग चोरी करने गए थे, लेकिन गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया और बहुत मारा। इसलिए वो गांव वालों के खिलाफ शिकायत करने आए हैं।

चोरी के दौरन ही पकड़े गए चोर

घटना रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की है। चोरी के आरोप में पकड़े गए बंगाल के आसनसोल निवासी विजय कुमार ने एफआईआर में कहा है कि वह और उसके पांच साथी 4-5 जून की रात करीब एक बजे एक मकान में चोरी करने के इरादे से घुसे थे। सभी ने मिलकर घर की अलमारी से सोने की चेन और कुछ नगद निकाले। इसी दौरान मकान मालिक की नींद खुल गई। उसने 'चोर-चोर' का शोर मचाया तो सभी ने मिलकर उसका मुंह दबाया। इसके बाद भी वह काबू में नहीं आया तो उन्होंने उसे घर के पास एक कुएं के पास ले जाकर डुबोने की कोशिश की।

गांव वालों ने कर दी जमकर पिटाई

इसी बीच गांव वाले भी आ गए और उन्हें घेर लिया। विजय कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि गांव वालों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया है। उसके तीन अन्य साथियों कमलेश चौहान, पंकज डोम और जान सिंह की भी पिटाई की गई, जिससे उन्हें काफी चोट आई है। दो अन्य साथी माडू चौहान और करन चौहान भागने में सफल रहे। चोरी के आरोपी विजय कुमार ने पिटाई करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। 5 जून की सुबह सत्यारी टोला के ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में जिन चार लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था, उनके खिलाफ उसी दिन एफआईआर दर्ज की गई थी।

लुंगी-बनियान गिरोह के चोर

बताया जाता है कि ये सभी चोर बहुचर्चित “लुंगी-बनियान” गिरोह के हैं। चोरी करने के दौरान ये लोग लुंगी-बनियान पहनते हैं और शरीर पर तेल लगाए रहते हैं, ताकि अगर कोई पकड़ने की कोशिश करे तो आसानी से खुद को छुड़ाकर भाग सकें।

IANS से इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article