स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। कभी उद्घाटन तो कभी स्पीड तो कभी जानवरों से टकराने को लेकर यह ट्रेन लगातार चर्चा बटोर रही है। अब एक नया ही मामला सामने आया है। इस ट्रेन में चोरी की घटना सामने आई है।
किसने लगाया आरोप
बोपल के एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार को रेलवे पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने आरोप लगाया गया कि जब वह वंदे भारत ट्रेन में अपनी यात्रा शुरू करने वाला था, तब किसी ने उसके 6 लाख रुपये के आभूषणों से भरा बैग चुरा लिया। बोपल के जीईबी रोड स्थित नवनिधि एलिगेंस निवासी परेश सोनानी ने अपनी प्राथमिकी में कहा है कि घटना मंगलवार की है। उसने कहा कि सफर करने के लिए जब वह घर से निकला तो बीआरटीएस बस से इस्कॉन चौराहे पर गया और वहां से उसने एएमटीएस बस से कालूपुर रेलवे स्टेशन तक यात्रा की।
कैसे हुई चोरी
अपनी शिकायत में आगे पीड़ित ने कहा कि स्टेशन पहुंचने के बाद वो ट्रेन में चढ़े और अपना बैग अपनी सीट पर रख दिया। कुछ देर बाद उसने पाया कि उसका ध्यान भटकने पर उसका बैग, जिसमें 6 लाख रुपये के आभूषण थे, चोरी हो गया था। जिसके बाद उसने रेलवे पुलिस से संपर्क किया और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई। अहमदाबाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। ताकि चोर को पकड़ा जा सके। हालांकि अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
