क्राइम

Spanish Woman Gang Rape: जिस स्पेनिश महिला के साथ दुमका में हुआ गैंगरेप, वो निकली थी दुनिया घूमने; 7 हैवानों ने कर दी जिंदगी तबाह

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 3, 2024, 10:18 PM IST

Spanish Woman Gang Rape: झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार रात 7 लोगों ने स्पेनिश महिला के साथ बलात्कार किया है। स्पेनिश महिला ने इंस्टाग्राम पर अपनी आपबीती सुनाई है। इस वीडियो में महिला के चेहरे पर चोट के निशान साफ तौर से देखे जा सकते हैं।

Image

झारखंड के दुमका में स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप (प्रतीकात्मक फोटो)

Spanish Woman Gang Rape: झारखंड के दुमका में एक स्पेनिश महिला के साथ जो कुछ हुआ है, उसने भारत को पूरी दुनिया में शर्मसार कर दिया है। पति के साथ दुनिया घूमने निकली एक स्पेनिश महिला के साथ 7 हैवानों ने गैंगरेप किया है। महिला अपने पति के साथ नेपाल जाने की तैयारी में थी। वो दुमका में बाजार के नजदीक अपना टेंट लगाए थे, जहां सात हैवानों ने उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी। गैंगरेप की घटना के बाद अब महिला खुद सामने आई है और उसने दरिंदगी की पूरी कहानी सोशल माडिया के जरिए सुनाई है।

स्पेनिश महिला ने सुनाई दरिंदगी की कहानी

झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार रात 7 लोगों ने स्पेनिश महिला के साथ बलात्कार किया है। स्पेनिश महिला ने इंस्टाग्राम पर अपनी आपबीती सुनाई है। इस वीडियो में महिला के चेहरे पर चोट के निशान साफ तौर से देखे जा सकते हैं। स्पेनिश महिला ने कहा- "हम अस्पताल में हैं और हमारे साथ कुछ ऐसा हुआ जिसकी कामना हम किसी से नहीं करेंगे। सात लोगों ने मेरे साथ बलात्कार किया, उन्होंने हमें पीटा और लूट लिया, हालांकि बहुत सी चीजें उन्होंने छोड़ दी, क्योंकि वो बस मेरा रेप करना चाहते थे। हम पुलिस के साथ अस्पताल में हैं।"

'वो लोग सिर्फ मेरा रेप करना चाहते थे'

यह घटना रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार को हुई, जब दंपति एक अस्थायी तंबू में रात बिता रहे थे। महिला ने कहा कि देर रात टेंट में 7 लोग घुसे और गर्दन पर चाकू रखकर मेरा रेप किया। दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा- “महिला और पुरुष ने आधी रात के आसपास एक गश्ती वैन को रोका। शुरुआत में गश्ती दल को घटना के बारे में ज्यादा समझ नहीं आया क्योंकि महिला कुछ अंग्रेजी और कुछ स्पेनिश में बात कर रही थी. उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। तब डॉक्टरों ने पुलिस को सूचित किया कि महिला के साथ बलात्कार किया गया था। मुझे लगभग 1.30 बजे एक कॉल आया और मैं सत्यापन के लिए मौके पर पहुंचा।"

डॉक्टर की निगरानी में स्पेनिश महिला

पीड़िता और उसके पति का फिलहाल दुमका के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि दोनों तत्काल खतरे से बाहर हैं। डॉक्टर की निगरानी में पति-पत्नी हैं। अस्पताल के एक डॉक्टर ने पीटीआई से कहा- "दोनों खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है। व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। पीड़िता की चिकित्सा जांच एक मेडिकल बोर्ड द्वारा की जाएगी जिसमें अधीक्षक की अध्यक्षता में तीन स्त्री रोग विशेषज्ञ, एक रेडियोलॉजिस्ट, एक हड्डी रोग विशेषज्ञ और एक दंत चिकित्सक शामिल होंगे।

3 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है और 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकि आरोपियों की तलाश जारी है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article