Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक छात्र ने अपने शिक्षक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। इस हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार स्कूल में टीसी (Transfer Certificate - स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने की बात को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। बहस बढ़ने के बाद छात्र ने आक्रोश में आकर सीधे शिक्षक पर चाकू से वार कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला छात्र नाबालिग है और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
छात्र ने कहां से मंगवाया चाकू?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस छात्र ने ऑनलाइन चाकू मंगवाया था और उसी चाकू से उसने इस संगीन वारदात को अंजाम दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना इलाके में मौजूदा एक स्कूल की है। पुलिस ने बताया कि घायल शिक्षक की हालत काफी गंभीर बनी हुई है और काफी खून बह जाने के कारण उन्हें तुरंत शासकीय घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
2023 में इसी स्कूल में पढ़ रहा था छात्र
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमला करने वाला छात्र साल 2023 में इसी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ रहा था, जहां वह फेल हो गया था। वहीं आज वह स्कूल में अपनी टीसी यानी स्थानांतरण प्रमाण पत्र लेने आया था। स्कूल आने के बाद वह करीब आधे घंटे तक वहीं बैठा रहा और बातचीत करता रहा। लेकिन उसके मन में इस बात का गुस्सा था कि उसे नौवीं कक्षा में इसी शिक्षक ने फेल किया था।
पूरी वारदात हुई सीसीटीवी में रिकॉर्ड
फिर क्या इसी पुरानी खुन्नस के चलते छात्र ने अचानक शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने शिक्षक और छात्र के पवित्र और सम्मानजनक रिश्ते को शर्मसार कर दिया है।
