क्राइम

Chaitanyananda News: चैतन्यानंद का एक सहयोगी अरेस्ट, जांच के सिलसिले में संस्थान लेकर गई पुलिस

Chaitanyananda News: पुलिस ने सरस्वती के एक सहयोगी हरि सिंह कोपकोटी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बागेश्वर निवासी हरि सिंह ने 14 सितंबर को एक पीड़िता के पिता को कथित तौर पर धमकी दी थी।

Image

स्वयंभू बाबा चैतन्यानंद सरस्वती (फाइल फोटो:canva)

Chaitanyananda News: राष्ट्रीय राजधानी के एक निजी प्रबंधन संस्थान में 17 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वयंभू बाबा चैतन्यानंद सरस्वती को सोमवार को जांच के सिलसिले में उसके संस्थान ले जाया गया। उसे उन स्थानों की जानकारी देने के लिए संस्थान ले जाया गया जहां वह पीड़ितों को कथित तौर बुलाता था। पुलिस ने यह जानकारी दी।इस बीच पुलिस ने सरस्वती के एक सहयोगी हरि सिंह कोपकोटी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उत्तराखंड के बागेश्वर निवासी हरि सिंह ने 14 सितंबर को एक पीड़िता के पिता को कथित तौर पर धमकी दी थी।

सरस्वती को रविवार को आगरा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था।एक अधिकारी ने बताया कि 62 वर्षीय सरस्वती को उसके संस्थान में लाया गया जिसका वह पहले अध्यक्ष था।उन्होंने कहा, '...आरोपी को संस्थान ले जाया गया ताकि वह उन जगहों, खासकर कार्यालय और उस कमरे की जानकारी दे सके जहां वह रहता था और छात्राओं को मिलने के लिए बुलाता था।'

छात्रावास के बाथरूम के बाहर भी सीसीटीवी थे

अधिकारी ने कहा कि उससे संस्थान के परिसर तथा छात्रावास में लगे सीसीटीवी के बारे में पूछा गया। छात्रावास के बाथरूम के बाहर भी सीसीटीवी थे, जिनके फुटेज सीधे उससे बरामद मोबाइल फोन में से एक पर देखे जा सकते थे।इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका से जुड़े काम से अपनी आजीविका चलाने वाले हरि सिंह ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने सरस्वती के निर्देश पर अपने फ़ोन से कॉल किया था और शिकायतकर्ता के पिता से शिकायत वापस लेने को कहा था।

बाबा चैतन्यानंद को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया

हरि सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले साल सरस्वती के संपर्क में आया था, जब वह एक परिचित के साथ दिल्ली गया था।पुलिस ने बताया कि कॉल के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर लिया गया है।सरस्वती को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। संभवतः सरस्वती से उसकी तीन महिला सहयोगियों के सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी, जो 'एआईसीटीई' अनुमोदित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में विभिन्न पदों पर काम कर रही हैं।

चैतन्यानंद जुलाई से विदेश में था और छह अगस्त को भारत लौटा था

महिला सहयोगियों पर छात्राओं को धमकी देने और सरस्वती द्वारा छात्राओं को भेजे गए भद्दे संदेशों को हटाने के लिए मजबूर करने का आरोप है। जांचकर्ताओं ने कहा कि सरस्वती जुलाई से विदेश में था और छह अगस्त को भारत लौटा था। यौन उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किए जाने के बाद, उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए 'लुकआउट सर्कुलर' जारी किया गया था।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article