दिल्ली

Chaitanyananda Arrest: छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोपी बाबा चैतन्यानंद गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने आगरा से दबोचा

दिल्ली के एक कॉलेज में कई छात्राओं के यौन शोषण के आरोप में बाबा चैतन्यानंद स्वामी उर्फ पार्थ सारथी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्वामी पार्थ सारथी पर आरोप है कि उसने छात्रवृत्ति योजना का दुरुपयोग करते हुए छात्राओं का यौन शोषण किया और फर्जीवाड़ा कर आर्थिक लाभ उठाया। गिरफ्तारी से बचने के लिए बाबा लगातार जगह बदल रहा था। हाल ही में उसकी लोकेशन आगरा के पास ट्रेस हुई थी।

Image

पुलिस हिरासत में चैतन्यानंद

Chaitanyananda Arrest: कई छात्राओं के यौन शोषण के आरोप में बाबा चैतन्यानंद स्वामी उर्फ पार्थ सारथी गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया। वह आगरा के होटल में छिपा हुआ था। उस पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) छात्रवृत्ति के तहत दिल्ली के एक कॉलेज में PGDM कोर्स कर रही छात्राओं से छेड़छाड़ और जालसाजी के गंभीर आरोप हैं। दिल्ली पुलिस ने बाबा चैतन्यानंद स्वामी उर्फ पार्थ सारथी के छेड़खानी मामले में FIR में धारा 351(3) जोड़ी है। यह धारा गैर-जमानती है और किसी को धमकी देने या हत्या करने के इरादे से धमकी देने के मामलों में लगाई जाती है। इससे पहले दर्ज FIR में धारा 351(2) शामिल थी।

दो महीने से फरार था बाबा

पुलिस के अनुसार, स्वामी पार्थ सारथी पर आरोप है कि उसने छात्रवृत्ति योजना का दुरुपयोग करते हुए छात्राओं का यौन शोषण किया और फर्जीवाड़ा कर आर्थिक लाभ उठाया। यह पूरा मामला तब सामने आया जब कुछ पीड़ित छात्राओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। साउथ वेस्ट दिल्ली के वसंतकुंज नॉर्थ थाने में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ छात्राओं से यौन शोषण और धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, इस दौरान पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे। आरोप सामने आने के बाद से पिछले दो महीने से वह फरार चल रहा था।

छात्राओं के शोषण का था मामला

एक निजी मैनेजमेंट संस्थान में 17 छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोपी स्वयंभू धर्मगुरु चैतन्यानंद सरस्वती की लोकेशन पुलिस ने आगरा के पास ट्रेस की थी जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई। छात्राओं ने उस पर गाली-गलौज, अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िताओं ने यह भी कहा कि कुछ डिपार्टमेंट और प्रशासनिक कर्मचारियों ने उनपर आरोपी की मांगें मानने का दबाव डाला। बता दें कि आरोपी पर पहले भी छेड़छाड़ और धोखाधड़ी सहित पांच मामले दर्ज हैं।

आज कोर्ट में होगी पेशी

दिल्ली पुलिस चैतन्यानंद की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापे मार रही थी। रिपोर्टों के अनुसार, स्वामी चैतन्यानंद गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी जगह और अपना मोबाइल नंबर बदल रहा था। हाल ही में उसकी लोकेशन आगरा के पास ट्रेस हुई थी, जिसके बाद उसे देर रात एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। आज पुलिस स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की मेडिकल जांच के बाद उसको अदालत में पेश करेगी और कस्टडी की मांग करेगी। बाबा के खिलाफ पांच अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं, जिनसे जुड़ी पूछताछ भी की जाएगी।

कैसे गिरफ्तार हुआ बाबा?

स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को दिल्ली पुलिस ने आगरा के ताजगंज इलाके में स्थित 'द फर्स्ट गोयल हॉटिलियर्स' होटल से देर रात 3:30 बजे गिरफ्तार किया। फरारी के बाद वह लंबे समय से आगरा में ही छिपा हुआ था। दिल्ली पुलिस की कई टीमें यूपी, हरियाणा और दिल्ली में लगातार छापेमारी कर रही थीं। जैसे ही उसकी लोकेशन आगरा में ट्रेस हुई, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। आरोपी बाबा पर जमीन को ट्रस्ट के नाम पर हड़पने का भी आरोप है। दिल्ली पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी करने के बाद गिरफ्तारी का शिकंजा कसा और आखिरकार उसे ताजगंज के होटल के कमरा नं 101 से गिरफ्तार कर लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article