क्राइम

बर्थडे मनाने नहीं ले गया दुबई, पत्नी ने पति के मुंह पर मारा मुक्का, हो गई मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 25, 2023, 01:36 PM IST

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला ने अपने पति के मुंह पर कथित तौर पर मुक्का मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Image

पत्नी ने पति को मारा मुक्का, हो गई मौत (प्रकात्मक तस्वीर)

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला ने अपने पति के मुंह पर कथित तौर पर मुक्का मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपने जन्मदिन पर दुबई नहीं ले जाने को लेकर अपने पति निखिल खन्ना से नाराज थी। उन्होंने कहा कि यह घटना शुक्रवार दोपहर वानवड़ी इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक निखिल खन्ना रियल एस्टेट डेवलपर था। वानवड़ी थाने के एक अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी रेणुका (36) का 18 सितंबर को जन्मदिन था। वह इसे मनाने के लिए दुबई जाना चाहती थी, लेकिन उसके पति ने इस मांग को पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पांच नवंबर को उनकी शादी की सालगिरह भी थी और वह पति से अच्छे गिफ्ट की उम्मीद कर रही थी। इसके अलावा महिला इसलिए भी परेशान थी क्योंकि वह अपने रिश्तेदार के जन्मदिन के लिए दिल्ली जाना चाहती थी, लेकिन पति से इस मांग को भी पूरा नहीं किया। इन्हीं बातों को लेकर शुक्रवार को दंपति में तीखी बहस हुई। अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर महिला ने पति की नाक पर मुक्का मार दिया, जिससे काफी खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों द्वारा सूचित किए जाने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और खन्ना को अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसकी भी जांच की जा रही कि कहीं महिला ने किसी अन्य चीज से तो वार नहीं किया। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की स्पष्ट वजह पता चल पाएगी। उन्होंने कहा कि हमने महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले में जांच की जा रही है। पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। (भाषा इनपुट)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article