क्राइम

Gangs of Wasseypur: धनबाद में 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, सात गुर्गे गिरफ्तार

Gangs of Wasseypur: धनबाद पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई प्रिंस खान के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो (istock)

Gangs of Wasseypur: धनबाद में 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के खिलाफ झारखंड पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। दुबई में छिपकर बैठे वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह से जुड़े लोगों और उसके मददगारों के खिलाफ मंगलवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित 30 ठिकानों पर पुलिस ने छह घंटे से भी अधिक समय तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान प्रिंस के कम से कम सात गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य को हिरासत में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में शमशेर नगर के फिरोज मलिक, लाडला खान, साहेब कुरैशी, मोहम्मद डब्ल्यू, आरिफ डीजे, परवेज खान, मोहम्मद तौसीफ समेत अन्य शामिल हैं। इनमें से कई पहले भी प्रिंस खान के लिए काम कर चुके हैं और विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। मंगलवार तड़के शुरू हुए इस बड़े ऑपरेशन के दौरान कई हथियार, नकद राशि और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी की सूचना है, जिसके बारे में पुलिस जल्द ही आधिकारिक तौर पर खुलासा करेगी।

एसएसपी संजीव कुमार के निर्देश पर यह ऑपरेशन तड़के तीन बजे से शुरू हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के शूटर और सहयोगी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं और भारी मात्रा में विदेशी हथियार वासेपुर में छिपाकर रखे गए हैं।

धनबाद पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई प्रिंस खान के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के साथ न केवल पेशेवर अपराधी, बल्कि कुछ जमीन कारोबारी और व्हाइट-कॉलर लोग भी जुड़े हैं, जो धन, जमीन सौदे और हथियार आपूर्ति के जरिए गैंग का समर्थन कर रहे थे। पुलिस अब ऐसे सभी सहयोगियों को चिन्हित कर कार्रवाई में जुटी है।

प्रिंस खान झारखंड का मोस्ट वांटेड अपराधी है, जो पिछले चार वर्षों से दुबई में पनाह लिए हुए है। झारखंड पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। हत्या और रंगदारी वसूली के कई मामलों में वांछित प्रिंस खान अक्सर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर वारदातों की जिम्मेदारी लेता रहा है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article