क्राइम

नालंदा: बेंगलुरु के पुरुष और महिलाएं फंदे से लटकी मिलीं, दिगंबर जैन धर्मशाला में चार पर्यटकों के शव मिलने से हड़कंप

Nalanda Digambar Jain Guesthouse: सभी पर्यटक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों में दो महिला और दो पुरुष है। दिगंबर जैन धर्मशाला के मैनेजर ने बताया कि सभी लोग 31 जनवरी को राजगीर आए थे और सभी लोग कमरे में ठहरे थे।

Image

दिगंबर जैन धर्मशाला में चार पर्यटकों के शव मिलने से हड़कंप

Nalanda News: नालंदा में चार पर्यटकों की मौत से हड़कंप मच गया है। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला में संदिग्ध स्थिति में चार पर्यटकों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सभी पर्यटक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों में दो महिला और दो पुरुष है। दिगंबर जैन धर्मशाला के मैनेजर ने बताया कि सभी लोग 31 जनवरी को राजगीर आए थे और सभी लोग कमरे में ठहरे थे। दो दिन ठहरने के बाद यह लोग आगे के समय के लिए और भी पैसा जमा कर गए थे। मैनेजर ने बताया कि सभी लोग बैंगलोर से नेपाल गए थे और नेपाल के बाद राजगीर पहुंचे थे, जहां से इन्हें पावापुरी जल मंदिर जाना था और उसके बाद वापस लौटना था। मगर कल शाम से हल्की-हल्की बदबू आ रही थी तो आज सुबह देखा तो यह कमरे से आ रही थी।

इसके बाद राजगीर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो देखा गया कि एक व्यक्ति फांसी पर लटका हुआ है और तीन लोगों का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। पुलिस ने कमरे को चारों ओर से फिलहाल सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पर्यटकों की मौत का कारण क्या है।

चारों शव लटके मिले

वहीं, एक अलग मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के अनुसार बताया गया कि कमरा अंदर से बंद था। बदबू आने पर धर्मशाला प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर चारों शव फंदे से लटके पाए गए। थाना प्रभारी रमन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, मृतकों की पहचान की भी प्रक्रिया चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने दैनिक जागरण को बताया कि एफएसएल की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article