बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले मामले में हरियाणा के सोनीपत एसटीएफ की टीम ने गाजियाबाद की ट्रोनिका सिटी में दोनों शूटरों को मार गिराया है। मृतक शूटर रविंद्र रोहतक और अरुण सोनीपत का रहने वाला है। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दोनों शूटरों को मार गिराया गया।यह संयुक्त ऑपरेशन यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने मिलकर किया।
दोनों गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं ऐसा कहा जा रहा है। सोनीपत एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान हरियाणा पुलिस के एक कांस्टेबल के सीने में गोली लगी। पुलिस ने दो अत्याधुनिक पिस्टल और भारी मात्रा में 9 एमएम कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को अस्पताल ले जाने के बाद मृत घोषित कर दिया गया और दो आरोपियों के शव पोस्टमार्टम के लिए शव गृह ले जाया गया है। कानून एवं व्यवस्था के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) अमिताभ यश ने कहा कि गिरोह के सभी सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि पूरे गिरोह पर कार्रवाई की जा सके।
दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया था
बता दें कि 12 सितंबर को बरेली स्थित बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया था।। देर शाम सिविल लाइन्स स्थित उनके पिता के घर पर ये फायरिंग की गई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी कनाडा से रोदित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने जिम्मेदारी ली। गैंगस्टरों ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट में दावा किया था कि संत प्रेमानंद महाराज के अपमान करने की वजह से ये कार्रवाई की गई है।
दरअसल, बॉलीवु़ड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और भारतीय सेना की पूर्व मेजर खुशबू पाटनी ने हाल के दिनों में अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाले आध्यात्मिक गुरु अनिरुद्धाचार्य को फटकार लगाई थी। चूंकि, अनिरुद्धाचार्य ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिलाओं के खिलाफ विवादित बयान दिए थे, जिस पर खूब विवाद हुआ था। इन बयानों को लेकर अनिरुद्धाचार्य की आलोचना हुई।
दिशा के पिता जगदीश सिंह पाटनी ने कही थी ये बात
हाल ही में एएनआई से बातचीत में दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने बताया, 'दो अनजान हमलावरों ने मेरे घर पर गोलीबारी की। पुलिस इस मामले को देख रही है। बरेली पुलिस, एसएसपी, एडीजी सब इस पर काम कर रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि गोलियां देसी नहीं, विदेशी पिस्तौल से चलीं शायद 8-10 राउंड फायर हुए। गोल्डी बरार के बयान पर उन्होंने कहा कि 'मुझे सोशल मीडिया से पता चला कि गोल्डी बरार ने जिम्मेदारी ली है, लेकिन ये अभी साफ नहीं है।'
