महाराष्ट्र में एक भाई ने अपनी ही 12 साल की बहन की पीट-पीट कर हत्या कर दी। जानते हैं क्यों, उसे लगा कि उसकी 12 साल की बहन चरित्र हीन है। किसी के साथ संबंध बनाकर आई है, जबकि सच्चाई ये थी कि उसकी 12 साल की बहन को पहली बार पीरियड आया था।
पिटाई से मौत
अज्ञानता और बीवी के बहकावे में आकर शख्स ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे अब उसे जिंदगी भर पछताना पड़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार शख्स मासूम को लगातार प्रताड़ित कर रहा था, उसे पीट रहा था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना महाराष्ट्र के उल्हासनगर की है।
पत्नी ने उकसाया
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भाई सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। बहन उसी के साथ रहती थी। दोनों के अलावा भाई की बीवी भी साथ में रहती थी। कहा जा रहा है कि जब लड़की को पहली बार पीरियड आया तो वो घबरा गई, इसी बीच भाई ने खून से सने कपड़े देख लिए, उसने बहन से पूछा तो वो सही से कुछ बोल नहीं पाई। लड़की की भाभी भी कुछ समझने के बजाय पति को उकसाने लगी कि तुम्हारी बहन की किसी के साथ चक्कर चल रहा है, संबंध बनाई है इसलिए खून निकल रहा है। जिसके बाद भाई अपनी बहन पर भड़क गया और मारने लगा।
दर्दनाक मौत
भाई ने बहन को तीन दिनों तक लगातार लात-घूंसों से पीटा गया और हालत बिगड़ने पर उसे उल्हासनगर के केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया। वहां एक डॉक्टर ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के कर्मचारियों ने तब पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस पहुंची और लड़की के शव को अपने कब्जे में ले लिया। जिसके बाद लड़की का जब पोस्टमॉर्टम हुआ तो भाई की दरिंदगी सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में लड़की के चेहरे, गर्दन और पीठ पर टॉर्चर के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने भाई के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
