Karkardooma Court Lawyer Attack: कलपूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक वकील पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे।
मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए उसे अपनी हिरासत में ले लिया और स्थिति को संभाला। घायल वकील को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कोर्ट जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं, जिसके चलते प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सकता है।
आरोपियों पर नहीं पड़ा कोई असर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे की इस घटना में घायल वकील की पहचान अमन गंभीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जैसे ही अमन कोर्ट परिसर पहुंचे, कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उन पर लात-घूंसे बरसाए तथा उनपर नुकीली से हमला कर दिया। खुद को खतरे में देख अधिवक्ता ने तुरंत PCR कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
2 महिलाओं समेत कुल 6 लोगों पकड़ा गया
इसके बाद जब अमन अदालत कक्ष से निकलकर पुलिस चौकी की ओर बढ़े, तभी हमलावरों ने उन पर चाकू और कड़े जैसे नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर पर तीन टांके लगाने पड़े। घटना के दौरान मची अफरातफरी के बीच वहां मौजूद अन्य वकीलों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। उन्होंने 2 महिलाओं समेत कुल 6 लोगों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
डीसीपी शाहदरा आर. पी. मीना के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़ित वकील के ही मुवक्किल हैं और किसी पुराने विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस चूक की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, बार एसोसिएशन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।
