Indian student stabbed in Australia : भारतीयों के खिलाफ नस्लीय हिंसा की घटनाएं थम नहीं रही हैं। हाल के दिनों में कनाडा से लेकर अमेरिका में भारतीयों को निशाना बनाने की घटना सामने आई हैं। अब नस्लीय हिंसा का ताजा मामला ऑस्ट्रेलिया से आया है। यहां पढ़ाई कर रहे 28 साल के एक छात्र पर बेरहमी से हमला किया गया। सिडनी स्थित न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी में मेकनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले शुभम गर्ग पर एक दो बार नहीं बल्कि चाकू से कथित रूप से 11 बार ताबड़तोड़ वार किए गए। यह घटना गत छह अक्टूबर की है। अस्पताल में भर्ती शुभम की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुभम ऑस्ट्रेलिया में पीएचडी की पढ़ाई करते हैं।
परिवार ने इसे नस्लीय हिंसा बताया
रिपोर्टों के मुताबिक शुभम के परिवार ने इसे 'नस्लीय' हमला बताया है। शुभम का परिवार आगरा में रहता है। परिवार का कहना है कि वे बीते सात दिनों से ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए वीजा पाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें वीजा नहीं मिल पाया है। आईआईटी मद्रास से बैचलर ऑफ टेक्नालजी एवं मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री पूरी करने के बाद गत सितंबर में शुभम ऑस्ट्रेलिया गए।
हमले के आरोप में युवक गिरफ्तार
परिवार के सदस्यों का कहना है कि शुभम के चहरे, सीने और पेट पर हमले हुए हैं। इस अपराध के लिए 27 साल के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। उस संदिग्ध युवक पर 'वन काउंड ऑफ अटेम्पटेड मर्डर' का चार्ज लगा है। शुभम के पिता रामनिवास गर्ग का कहना है कि हमलावर कौन है, उसके बारे में न तो उनके बेटे और न ही उसके दोस्तों को कोई जानकारी है। उन्होंने कहा, 'यह नस्लीय हमला मालूम पड़ता है।' आगरा के जिलाधिकारी नवनीत चहल का कहना है कि पीड़ित पिता के लिए वीजा की प्रक्रिया चल रही है। हम विदेश मंत्रालय के साथ संपर्क में हैं। हमने सिडनी स्थित दूतावास के अधिकारियों से भी बात की है। पीड़ित परिवार को वीजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।
