Ranchi Crime News: रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत पंचायत सौदाग फिर चर्चा का विषय बना है। यहां डायन बिसाही का आरोप लगाकर 65 साल की महिला की हत्या कर दी गई है। अंधविश्वास में आरोपी ने टांगी (धारदार हथियार) से महिला की गर्दन काट डाली है। मृतका की पहचान फूलमनी लिंडा के रूप में हुई है। उसके पति पुसा लिंडा ने तुपुदाना ओपी प्रभारी मीरा सिंह को घटना से जुड़ी जानकारी दी है।
पीड़ित पति ने ओपी प्रभारी को बताया है कि, फूलमनी घर से खाना खाकर सौदाग महुआ टोली में खेत गई थी। वह फसल की रखवाली करती थी। शनिवार को सूचना मिली की किसी ने उसकी हत्या कर दी है। ऐसे में वह एवं उनके बेटे गोपाल लिंडा, खादी लिंडा और चैतु लिंडा घटनास्थल पर पहुंचे।
पूर्व में भी घर में घुसकर हत्या का किया था प्रयास
मृत महिला के पति पूसा लिंडा ने पुलिस को जानकारी दी है कि डायन बिसाही के आरोप में दो साल पहले भी गांव में विवाद हुआ था। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। तब आरोपियों ने घर में घुसकर फूलमनी की हत्या करने का प्रयास किया था। उस वक्त दंपत्ति अपनी बेटी के घर सोढ़ा गांव चले गए थे। फिर काफी समय तक मामला शांत रहा था। अब अचानक महिला की हत्या कर दी गई है। बता दें डायन बिसाही के शक में सौदाग पंचायत में दर्जनों हत्या हो चुकी हैं।
हत्या में शामिल लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस
तुपुदाना ओपी प्रभारी मीरा सिंह का कहना है कि, हत्या की सूचना मिलने के बाद जवान अमित, देवेंद्र सिंह, बीके सिंह आदि घटनास्थल पर पहुंचे। इस हत्याकांड में कौन-कौन लोग शामिल हैं, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि, हत्या में शामिल लोग को कठोर सजा दिलाई जाएगी। वहीं, पूर्व मुखिया गणेश, पंचायत समिति सदस्य फागू एवं मुखिया पतरस ने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया है।
