गुरुग्राम की टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या करने के बाद से ही पिता दीपक की हालत खराब है। फांसी की गुहार लगा रहे हैं। भाई से जोर देकर कह रहे हैं कि ऐसी रिपोर्ट लिखवाओ कि मुझे फांसी हो जाए। राधिका यादव के चाचा ने आज मीडिया के सामने कई खुलासे किए, उन्होंने यह भी बताया कि हत्या के बाद घर पर कैसा माहौल था और आरोपी दीपक यादव का कैसा हाल था।
'ऐसी रिपोर्ट बनवाओ मुझे फांसी हो जाए'
गुरुग्राम में टेनिस खिलाड़ी राधिका की हत्या के दो दिन बाद राधिका का परिवार ने अहम खुलासे किए है, दीपक के बड़े भाई विजय ने बताया कि हमें इस बात का दुख है कि दीपक ने अपने हाथ से लगाया हुआ पेड़ अपने हाथ से ही काट दिया, खुद दीपक ये हरकत करने के बाद दुखी है, उसने हम लोगों से कहा कि मुझे फांसी लगवा दो, उसने थाने में भी बोला कि ऐसी रिपोर्ट बनवाओ मुझे फांसी हो जाए।
जब पिता ने राधिका को मारी गोली
उन्होंने कहा- "जब सुबह के वक्त दीपक ने राधिका को गोली मारी फिर हमारे घर में अफरा तफरी मच गई, मैं अपने घर पर था, मेरा घर दीपक के घर के पास है, मैं घर पहुंचा तो दीपक का छोटा भाई कुलदीप राधिका को अस्पताल ले गए। मैं दीपक से मिला मैंने पूछा कि क्या हुआ तो उसने बोला कि भाई गलती हो गयी, मुझसे कन्या वध हो गया।"
'बेटी की कमाई नहीं खाता था दीपक'
आगे विजय ने बताया- "उसने राधिका को बड़ा पेड़ बनाया जिसे उसने खुद काट दिया, उसने अपनी पूरी जिंदगी राधिका को अच्छा खिलाड़ी बनाने में लगाई, सुबह से शाम तक वो राधिका के लिए ही लगा रहता था, काम-वाम सब छोड़कर। सोने की चम्मच नहीं तो लेकिन चांदी की चम्मच लेकर तो वो पैदा हुआ था, फाइनेंसियल कंडीशन अच्छी है, ऐसा बिल्कुल नहीं है कि बेटी की कमाई वो खाता था ऐसा बिल्कुल गलत है।"
'परिवार दीपक को करेगा बचाने की कोशिश'
दीपक के बड़े भाई विजय ने कहा- "हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, एक आंख फूट गयी लेकिन दूसरी तो बचाएंगे, उसने कभी ऐसी किसी बात का जिक्र नहीं किया था कि उसको किसी बात से राधिका से नाराजगी है, अगर हमें कुछ वो बताता तो ऐसा होता ही ना, अगर उसने ऐसा किया है तो उसको कानूनी रूप से सजा मिलनी चाहिए।"
