क्राइम

पत्नी ने किया खाना बनाने से इंकार तो शराबी पति ने मार दी गोली; फिर ठेके पर जाकर छलकाए जाम

मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में खाना बनाने से इंकार करने पर एक व्यक्ति ने अपनी बीमार पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे हुई, जब आरोपी सोनू तोमर शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से खाना बनाने को कहा। बीमारी के चलते खाना बनाने से इंकार किए जाने पर उसने गुस्से में आकर रुचि पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खाना नहीं बनाया तो मार दी गोली।

खाना नहीं बनाया तो मार दी गोली।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामूली घरेलू विवाद ने इस कदर खौफनाक रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी न तो घबराया,न भागा, बल्कि आराम से घर से निकलकर शराब पीने चला गया। मृतका की पहचान रुचि (35) के रूप में हुई है और उसके दो बच्चे हैं, जिनमें 14 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा शामिल हैं।

खाना बना देती रुचि तो...

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी)अतुल सोनी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे की है। आरोपी पति जिसकी पहचान सोनू तोमर के रूप में हुई है वो शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी से खाना बनाने को कहा। पत्नी पहले से बीमार थी और उसकी तबीयत ठीक नहीं थी,इसी वजह से उसने खाना बनाने से इनकार कर दिया। बस यही बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में आकर हथियार उठाया और पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उस वक्त घर में मृतका के सास-ससुर और दोनों बच्चे भी मौजूद थे। बच्चों की आंखों के सामने हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। परिजनों के मुताबिक,आरोपी लंबे समय से शराब का आदी था और अक्सर नशे में घर में झगड़ा करता था।

आरोपी बेटे के पिता ने दी पुलिस को सूचना

अतुल सोनी ने बताया कि महिला के ससुर जगदीश तोमर ने वारदात की सूचना पुलिस को दी,जिसके बाद पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या करने के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और स्टेशन बजरिया इलाके में जाकर शराब पीता रहा। बाद में वह खुद ही वापस घर लौट आया, जहां पहले से मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार रास्ते में कहीं फेंक दिया है। पुलिस अब हथियार की तलाश में जुटी है।

जांच मे जुटी पुलिस

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और शराब की लत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article