क्राइम

Meerut: थाने के बाहर 'तलाक तलाक तलाक', शौहर ने बीवी से तोड़ा नाता; खड़ी देखती रह गई पुलिस

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक शख्स ने अपनी बीवी को थाने के बाहर तीन तलाक दे दिया। जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था और पिछले चार महीनों से गुलिस्ता अपने मायके में रह रही थी।

Image

(प्रतिकात्मक फोटो)

मेरठ : लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में तीन तलाक का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच विवाद थाने तक पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हुआ, लेकिन थाने के बाहर निकलते ही पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शादी के बाद रिश्तों में थी खटास

लिसाड़ी गेट निवासी गुलिस्ता की शादी 25 अप्रैल 2024 को बुलंदशहर के उवैस से हुई थी, जो सऊदी अरब में चालक है। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था और पिछले चार महीनों से गुलिस्ता अपने मायके में रह रही थी। दो दिन पहले उसने लिसाड़ी गेट थाने में पति और ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने सोमवार को उवैस और उसके भाई को हिरासत में लिया।

शिकायत के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां आपसी सहमति से तलाक पर सहमति बन गई। पुलिस ने सभी को थाने के बाहर जाने के लिए कहा, इसी दौरान उवैस ने गुलिस्ता को तीन तलाक दे दिया। इस दौरान एक समझौता पत्र भी तैयार किया गया, जिसमें शादी में दिए गए सामान की वापसी की सहमति बनी।

तीन तलाक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article