क्राइम

10 सेकंड में बदला मंजर, मॉर्निंग वॉक पर निकले NSG के पूर्व कमांडों को सरेराह उतारा मौत के घाट; 5 राउंड चली गोलियां

Crime News: हरियाणा में मानेसर थानाक्षेत्र के कासन गांव में पैरोल पर छूटे राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के एक पूर्व कमांडो की गोली मारकर हत्या दी गई।

Image

हरियाणा में एनएसजी के पूर्व कमांडो की हत्या (फोटो साभार: AI)

Crime News: हरियाणा के मानेसर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी। कासन गांव में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के एक पूर्व कमांडो की गोली मारकर हत्या दी गई। यह घटना उस वक्त हुई जब वह रोज की तरफ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।

पैरोल पर बाहर आया था मृतक

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हमलावरों में महज 10 सेकंड में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय सुंदर फौजी के रूप में हुई है जिसे 2018 में सरपंच बहादुर चौहान की हत्या के सिलसिले में पिछले महीने पैरोल पर रिहा किया गया था।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, फौजी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था तभी सरपंच के बेटे रोहन और उसके करीबी सहयोगी ने करीब साढ़े आठ बजे एक बाजार के पास उसे घेर लिया एवं गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं तथा आरोपी अपने हथियारों के साथ तत्काल मौके से फरार हो गए।

सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फौजी को अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी वारदात महज दस सेंकेंड के अंदर हुई।

बदले की भावना का मामला

पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच से पता चला है कि रोहन अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए फौजी को मारना चाहता था। आईएमटी मानेसर थानाक्षेत्र के कासन गांव के फौजी पर आरोप था कि उसने कथित तौर पर वित्तीय विवाद के चलते बहादुर चौहान की हत्या की थी।

मानेसर के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा, ''आरोपियों में से एक की पहचान रोहन के रूप में हुई है। वह पूर्व सरपंच बहादुर का बेटा है, जिसकी फौजी ने हत्या कर दी थी। वह (फौजी) इस मामले के सिलसिले में जेल में था और 29 मार्च को पैरोल पर रिहा हुआ था।'' उन्होंने कहा, '' दोनों आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article