क्राइम

पिता ने ही शादी के नाम पर नाबालिग बेटी को बेचने की रच डाली साजिश, 50 हजार में कर दिया सौदा

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शहापुर तहसील से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपए में बेचने की कोशिश की। हालांकि, श्रमजीवी संगठन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह सौदा विफल कर दिया गया।

Image

महाराष्ट्र में पुलिस ने नाबालिग लड़की को बिकने से बचाया (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शहापुर तहसील से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर 50 हजार रुपए में बेचने की कोशिश की। हालांकि, श्रमजीवी संगठन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह अमानवीय सौदा विफल कर दिया गया।

शहापुर तालुका का है मामला

मामला शहापुर तालुका के किन्हवली पुलिस थाना क्षेत्र के शेणवे गांव के खैरे इलाके का है। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पिता सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम, भारतीय दंड संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के तहत मामला दर्ज किया है।

आदिवासी कातकरी समुदाय से है पीड़िता

शहापुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी मिलिंद शिंदे ने बताया कि पीड़िता के पिता, जो आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी कातकरी समुदाय से हैं, ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी कराने के नाम पर उसे बेचने की साजिश रची। आरोपी ने बिचौलिया प्रकाश मुकणे के माध्यम से जय लक्ष्मण शिर्के से संपर्क किया और 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। सौदे में से 10 हजार रुपए पहले ही एडवांस के रूप में दे दिए गए थे।

5 अक्टूबर को थी शादी

आरोपी जय लक्ष्मण शिर्के और उनके पिता लक्ष्मण रघुनाथ शिर्के उच्चवर्णीय समाज से हैं। उन्हें यह जानकारी थी कि लड़की नाबालिग है और अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंधित है, फिर भी उन्होंने गरीबी का फायदा उठाकर यह अमानवीय सौदा करने की कोशिश की। विवाह की तारीख 5 अक्टूबर तय की गई थी। जब श्रमजीवी संगठन के कार्यकर्ताओं को इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने आदिवासी क्षेत्र आढावा समिति के अध्यक्ष विवेक पंडित को सूचित किया। इसके बाद पंडित ने जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाळ और पुलिस अधीक्षक डॉ. डीएस स्वामी को मामले की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस निरीक्षक नितीन खैरनार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शादी की तैयारियों को रोकते हुए नाबालिग लड़की की बिक्री को नाकाम कर दिया। जांच के दौरान आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लेकर आधारवाड़ी जेल, कल्याण भेजा गया। मामले की आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी मिलिंद शिंदे के नेतृत्व में जारी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article