फरीदाबाद में 25 साल की युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक,यह अपराध किसी वैन में नहीं,बल्कि एक निजी अस्पताल की एम्बुलेंस में अंजाम दिया गया था। इतना ही नहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी उसी निजी अस्पताल की एम्बुलेंस में चालक और सहायक के रूप में कार्यरत थे। बता दें कि यह जघन्य अपराध बीते सोमवार की रात हुआ था। जब लिफ्ट देने के बहाने एक युवती के साथ रातभर दरिंदगी की गई थी।
मथुरा और झांसी के निवासी हैं आरोपी
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के मथुरा और दूसरा झांसी का निवासी है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के छह दिन बाद भी पीड़िता अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने और क्या-क्या बताया
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात की है जब पीड़िता सेक्टर-23 स्थित अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। वह ऑटो रिक्शा से एनआईटी-2 चौक तक आई और फिर मेट्रो चौक तक पैदल गई। आधी रात के आसपास घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार करते वक्त दोनों आरोपियों ने उसे लिफ्ट देने की पेशकश की। आरोप है कि आरोपियों ने युवती को उसके गंतव्य तक ले जाने के बजाय गुरुग्राम की ओर ले जाकर चलते वाहन में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूरी रात युवती को एम्बुलेंस में घुमाया और उसे अपनी हैवानियत का शिकार बनाते रहे। इस दौरान आरोपियों ने महिला की पिटाई भी की। करीब 3 घंटे बाद जब उनका मन भर गया तो मंगलवार तड़के करीब तीन बजे फरीदाबाद के राजा चौक के पास उसे सड़क पर फेंक दिया। पीड़िता को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके चेहरे पर गहरे घाव थे,जिन पर 12 टांके लगाए गए। महिला की सहमति के बाद उसके दाहिने कंधे के फ्रैक्चर की भी सर्जरी की जाएगी।
पीड़िता का एक वीडियो भी आया सामने
इस बीच, पीड़िता का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जो घटना के बाद का बताया जा रहा है। वीडियो में युवती कहती है कि जैसे ही वह वाहन में बैठी, आरोपियों में से एक ने उसके खाते में 600 रुपये ट्रांसफर किए और फिर गाड़ी लॉक कर दी। हालांकि पीटीआई-भाषा इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने लिया घटना का संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने घटना का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट तलब की है और पीड़िता व उसके परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपियों की पहचान परेड कराई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
