क्राइम

एक और निर्भया: आधी रात को चलती कार में तीन घंटे तक अस्मत लूटते रहे दरिंदे; मन भर गया तो लहूलुहान कर सड़क पर फेंका

फरीदाबाद में एक बार फिर निर्भया कांड जैसी घटना सामने आई है। यहां आधी रात को दो दरिंदों ने लिफ्ट देने के बहाने एक महिला के साथ कार सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में उसे चलती कार से फेंककर फरार हो गए।

Crime

फाइल फोटो

हरियाणा के फरीदाबाद में 28 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। घटना यहां के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार,महिला घर में मां से विवाद के बाद नाराज होकर बाहर निकल गई थी। देर रात दो युवकों ने उसे छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया,लेकिन बजाय उसे छोड़ने के दोनों ने उसे अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है।

चलती कार में दुष्कर्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी महिला को उसके बताए रास्ते पर ले जाने के बजाय करीब दो घंटे तक फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर कार घुमाते रहे। इसी दौरान दोनों ने चलती कार में उसके साथ दरिंदगी की। इस दौरान महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की,लेकिन वह आरोपियों के चंगुल से निकल नहीं सकी। हैवानियत की हद तब पार हो गई जब रात करीब तीन बजे आरोपियों ने एसजीएम नगर के राजा चौक के पास मुल्ला होटल के नजदीक महिला को चलती कार से बाहर फेंक दिया और फरार हो गए। इस दौरान महिला को चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं हैं।

फरीदाबाद की ही रहने वाली है पीड़िता

पीड़िता फरीदाबाद की ही रहने वाली है। उसकी बहन के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे महिला का फोन आया था। उसने बताया था कि मां से विवाद के बाद वह सहेली के घर जा रही है और दो-तीन घंटे में लौट आएगी। रात करीब 12 बजे वह दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी,तभी दो युवकों की कार वहां रुकी और दोनों ने उसे कार में बिठा लिया और फिर हैवानियत के बाद सड़क पर फेंक दिया।

डॉक्टरों ने कहा- दिल्ली ले जाओ

घटना के बाद किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने अपनी बहन को फोन किया। बदहवास हालत में सड़क पर पड़ी महिला को परिजन पहले सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज हुआ। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर करने की सलाह दी,हालांकि बाद में उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article