क्राइम

Gurugram: प्यार, धोखा और खौफनाक मर्डर...लिव-इन रिश्ते के विवाद में डिलीवरी बॉय की मौत, शव बक्से से बरामद

गुरुग्राम के सेक्टर-54 में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय अमन की बेरहमी से हत्या कर शव को बक्से में छिपा दिया गया। प्रारंभिक जांच में लिव-इन रिलेशनशिप और प्रेम प्रसंग को इस हत्याकांड की बड़ी वजह माना जा रहा है।

Image

लिव-इन रिश्ते के विवाद में डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurugram News: गुरुग्राम के साइबर सिटी क्षेत्र में स्थित सेक्टर-54 से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बिहार निवासी 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय अमन की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके शव को एक बड़े बक्से में बंद कर छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस मामले में मोहम्मद मिराज और सोनू नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में क्या पता चला?

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमन पिछले करीब डेढ़ साल से सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गियों में उमा नाम की युवती के साथ लिव-इन में रह रहा था। अमन उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उमा की रुचि किसी अन्य युवक की ओर थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

चेहरे को जलाने की कोशिश

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप के अनुसार, उमा के नए साथी ने अमन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या इतनी बेरहन थी कि अमन के गले पर धारदार हथियार से गहरे वार किए गए थे। इतना ही नहीं, उसकी पहचान छुपाने या निजी दुश्मनी के चलते चेहरे को जलाने की भी कोशिश की गई थी।

किसने दी अमन के भाई को जानकारी

चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के लगभग 3-4 दिन बाद उमा ने खुद ही अमन के भाई, उमा कुमार शर्मा को फोन कर हत्या की जानकारी दी। उसने बताया कि अमन का शव झुग्गी में रखे एक संदूक के भीतर है। सूचना मिलने पर जब अमन का बड़ा भाई शशिकांत वहां पहुंचा, तो दृश्य देखकर सन्न रह गया क्योंकि बक्से के अंदर अमन का शव मिला।

दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

अब गुरुग्राम पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या उमा इस साजिश में शामिल थी या नहीं। यह भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं उसने पकड़े जाने के डर से खुद ही परिजनों और पुलिस को सूचना तो नहीं दी। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के अलावा कहीं और लोग भी इस वारदात में शामिल तो नहीं थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article