क्राइम

दिल्ली में एक और सनसनीखेज वारदात, लिव-इन पार्टनर ने महिला को जिंदा जलाया, इस बात पर हुई थी बहस

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 21, 2023, 07:41 AM IST

पीड़िता अपने पहले पति को छोड़कर पिछले 6 साल से मोहित नाम के व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस ने कहा कि 28 वर्षीय पीड़िता एक फुटवियर फैक्ट्री में काम करती थी।

Image

दिल्ली में एक और सनसनीखेज वारदात, लिव-इन पार्टनर ने महिला को जिंदा जलाया, इस बात पर हुई थी बहस

दिल्ली में प्रेमी द्वारा अपनी प्रेमिका की हत्या का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली के एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती महिला की सोमवार को मौत हो गई। महिला के लिव-इन पार्टनर ने उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी थी। घटना 10 फरवरी को हुई थी जब महिला की अपने पार्टनर मोहित से बहस हो गई थी। महिला ने मोहित को अपने दोस्त के गर पर ड्रग्स लेते हुए देख लिया था। इससे नाराज होकर मोहित ने अपनी लिव-इन पार्टनर को तेल छिड़ककर जिंदा जला डाला।

पीड़िता का बयान लेने की कोशिश करती रही पुलिस

11 फरवरी को अमन विहार थाने में एक महिला के झुलसने के बाद एसजीएम अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंच गई। पुलिस नियमित रूप से उसका बयान लेने की कोशिश करती थी, लेकिन पीड़िता बयान देने की हालत में नहीं थी। इसके बाद पीड़िता को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल और फिर एम्स ट्रॉमा सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया।

पहले पति को छोड़कर मोहित के साथ रह रही थी महिला

जांच के दौरान पता चला कि पीड़िता अपने पहले पति को छोड़कर पिछले 6 साल से मोहित नाम के व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस ने कहा कि 28 वर्षीय पीड़िता एक फुटवियर फैक्ट्री में काम करती थी। उसके दो बच्चे हैं, अपनी पिछली शादी से उसका आठ साल का बेटा है और अपने मौजूदा रिश्ते से चार साल की बेटी है।

इलाज के दौरान पीड़िता की मौत

सोमवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर ने बताया कि इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई, उसका पोस्टमार्टम भी किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहित को हिरासत में ले लिया गया है और अमन विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

(ANI Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article