यूपी (UP) में एक दलित शख्स की पीट-पीट कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। शख्स पर आरोपियों ने अमरूद की चोरी का आरोप लगाया, जिसके बाद उसे जमकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना अलीगढ़ की है।
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार मृतक जब खेतों से अपने घर की ओर लौट रहा था तो रास्ते में एक बाग मिला। जहां उसे रास्ते पर एक अमरूद गिरा हुआ दिखा, शख्स ने उसे उठा लिया और आगे बढ़ गया। थोड़ी दूर चलने पर बाग के मालिक ने उसके हाथ में अमरूद देखकर समझा कि वो चोरी करके आ रहा है। उन्होंने शख्स को रोका और उससे पूछताछ करने लगे।
मृतक शख्स ने चोरी से इनकार किया और कहा कि अमरूद गिरा हुआ था, आरोपियों को उसपर विश्वास नहीं हुआ और उन्होंने लाठी-डंडों से दलित शख्स की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक को बचाने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे। इस मारपीट में शख्स बुरी तरह से घायल हो गया और वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में मौत
घायल शख्स को लोग उठाकर वहां से अस्पताल ले गए, लेकिन शख्स को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
