Sambhal BJP Leader Murder : संभल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि तीन अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता को कथित रूप से जहरीला इंजेक्शन लगा दिया जिसके बाद सोमवार को उनकी मौत हो गई। सर्किल ऑफिसर (गुन्नौर) दीपक तिवारी ने कहा कि गुलफाम सिंह यादव (60) जुनवाई पुलिस स्टेशन के दफतारा गांव में अपने घर में बैठे थे तभी मोटरसाइकिल से आए तीन हमलावरों ने भाजपा नेता के पेट में इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद वे घटनास्थल से फरार हो गए। बाद में यादव को इलाज के लिए जब अलीगढ़ ले जाया जा रहा था तो उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
सीओ ने कहा, 'पीड़ित परिवार की तरफ से अभी कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिर मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम लगा दी गई है।' यादव लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे और पार्टी की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। पुलिस को मौके से हत्यारों का हेलमेट और सिरिंज की निडिल मिली है। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं।
2004 में मुलायस सिंह के खिलाफ लड़े थे चुनाव
यादव पहले लेखपाल थे लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए। 2004 में गुन्नौर विधानसभा सीट से उन्होंने भाजपा के टिकट पर सपा संस्थापक एवं पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह भाजपा में संभल विधानसभा क्षेत्र प्रभारी के पद पर थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गुलफाम सिंह पशुओं की देखभाल के लिए घर में आराम कर रहे थे। उसी समय बाइक से तीन लोग पहुंचे और उनसे दुआ सलाम करने के बाद कुर्सी पर बैठ गए। गुलफाम ने तीनों का हालचाल लिया और पानी भी पिलाया। तभी मौका पाकर बदमाशों ने उनके पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंप दिया।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि गुलफाम सिंह का अलीगढ़ में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हत्यारों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्दी ही वारदात का पर्दाफाश होगा। यादव का बड़ा पुत्र दिव्य प्रकाश पूर्व में भाजपा से ब्लाक प्रमुख रह चुका है। वहीं, पत्नी जावित्री देवी लगातार तीन बार प्रधान रह चुकी हैं।
