Ara Tanishq Jewellery Showroom Robbery Video: बिहार के भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में अज्ञात अपराधियों ने सोमवार को एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए तनिष्क ज्वेलरी शोरूम (Tanishq Jewellery Showroom Robbery) में धावा बोल दिया और वहां लूटपाट कर आराम से फरार हो गए, बताया जा रहा है कि करीब 25 करोड़ की बड़ी लूट हुई है।
तनिष्क शोरूम के कर्मचारियों के मुताबिक, जब स्टॉक निकाला ही जा रहा था तभी सात से आठ अपराधी शोरूम पहुंच गए और हथियार के बल पर सभी कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों की संख्या सात से आठ बताई जा रही है। इनमें एक अपराधी ने मास्क लगाया था, जबकि अन्य सभी अपराधी मुंह खुला रखे थे।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरा-छपरा सीमा पर मुठभेड़ हुई जिसमें दो बदमाशों को पकड़ लिया गया दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राहक बनकर पहले दो अपराधी घुसे, जिसके बाद लूटपाट की
बताया गया कि ग्राहक बनकर पहले दो अपराधी घुसे, जिसके बाद हथियार के बल पर लूटपाट की गई। इस दौरान लुटेरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की।जानकारी के मुताबिक, इस शोरूम में सुरक्षा के नाम पर दो गार्ड भी थे। अपराधियों ने पहले एक सुरक्षा गार्ड से हथियार का भय दिखाकर उसकी बंदूक लूट ली। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस को घटना की सूचना देने के बाद भी समय पर नहीं पहुंच सकी।
पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं
भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े अपराधियों की लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लुटेरे अधिकांश आभूषण ले गए हैं। अभी स्टॉक मिलाया जा रहा है। स्टॉक मिलाने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी।
