Jaisalmer: दूसरी शादी को तैयार नहीं हुई विधवा, काट दी गई जीभ और नाक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 18, 2020, 01:43 PM IST

राजस्थान के जैसलमेर में ससुराल वालों ने अपनी विधवा बहू की जीभ और काट दी। दरअसल, वो चाहते थे कि बहू दूसरी शादी कर ले, लेकिन महिला ने इससे इनकार कर दिया था।

Jaisalmer: दूसरी शादी को तैयार नहीं हुई विधवा, काट दी गई जीभ और नाक

नई दिल्ली: राजस्थान से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधवा की नाक और जीभ काट दी गई क्योंकि उसने पुनर्विवाह से इनकार कर दिया था। पीड़िता को जोधपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के अन्य आरोपी फरार हैं। महिला के भाई ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। ये मामला जैसलमेर का है।

महिला पर उसके ससुराल वालों द्वारा एक व्यक्ति से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। जब महिला ने उनके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, तो उसके ससुराल के सदस्यों ने उसकी नाक और जीभ काट दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के भाई ने शिकायत में कहा कि उसकी बहन की शादी लगभग छह साल पहले कोजे खान से हुई थी। एक साल बाद खान की मृत्यु हो गई और तब से उसके ससुराल वाले उस पर एक व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन महिला ने उन्हें बताया कि वह उस आदमी से दोबारा शादी करने की इच्छुक नहीं है। 

17 नवंबर को दोपहर 1 बजे आरोपी ट्रैक्टर पर आया और धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया। इसमें महिला का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। एक अन्य व्यक्ति जिसने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, उस पर भी आरोपियों ने हमला किया। बाद में दोनों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। 
 

End of Article