सुसाइड करने से पहले युवती ने वीडियो बनाकर लिव इन पार्टनर को भेजा, फिर पंखे से लटककर दी जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2021, 09:49 AM IST

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक युवती ने खुदकुशी कर ली है। युवती पिछले कुछ समय से अपने दोस्त के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

सुसाइड करने से पहले युवती ने वीडियो बनाकर लिव इन पार्टनर को भेजा, फिर पंखे से लटककर दी जान

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के मुबारकपुर इलाके में रहने वाली एक युवती ने खुदकुशी कर ली है। युवती अपने एक दोस्त के साथ पिछले कुछ समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आज तक की खबर के मुताबिक, युवती ने सुसाइड करने से पहले एक वीडियो बनाया और अपने पार्टनर को भेज दिया। सुसाइड करने के दौरान पार्टनर घर से बाहर गया हुआ था। जैसे ही उसे वीडियो मिला तो वह तुरंत युवती के घर पहुंचा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौत से पहले बनाया वीडियो

सुसाइड की घटना के बारे में किसी ने पुलिस को सूचना दी तो तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस समय पुलिस मौके पर पहुंची उस समय युवती का लिव इन पार्टनर भी वहां मौजूद था। पुलिस के मुताबिक युवती ने पंखे से लटककर आत्महत्या की और उससे पहले युवती ने अपने पार्टनर को एक वीडियो बनाकर भी भेजा। हालांकि वीडियो में युवती क्या कह रही थी इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।

दोनों के बीच हुआ था झगड़ा

खबर के मुताबिक युवती मूल रूप से जेवर के रामनेर गांव की थी और पिछले एक साल से अपने दोस्त सर्वेश के साथ लिव इन में रह रही थी। सर्वेश और युवती में किसी बात को लेकर बुधवार को झगड़ा हो गया और इसी को लेकर दोनों में तनाव चल रहा था। सर्वेश जब घर से बाहर गया तो युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

युवक को कहा था 10 मिनट में पहुंचो

युवती ने पंखे पर लटकने से पहले सर्वेश को कॉल किया और 10 मिनट के अंदर घर पहुंचने को कहा। लेकिन सर्वेश जब 10 मिनटर के अंदर घर नहीं पहुंचा तो युवती ने अपने गले में फंदा डालते हुए वीडियो बनाया और सर्वेश को भेज दिया। जैसे ही युवक को वीडियो मिला तो उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत मकान मालिक को कॉल कर इस बारे में बताया। जब तक सर्वेश और मकान मालिक घर पहुंचते तब तक युवती सुसाइड कर चुकी थी। फिलहाल पुलिस लिव पार्टनर से भी पूछताछ कर रही है।

End of Article