Bhopal Crime News: भोपाल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला पर किया ब्लेड से हमला, चेहरे पर आए 118 टांके

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 12, 2022, 09:57 AM IST

Bhopal Crime News: भोपाल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने एक महिला के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। बाद में महिला के चेहरे पर 118 टांके आए हैं।

Bhopal Crime News: भोपाल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला पर किया ब्लेड से हमला, चेहरे पर आए 118 टांके

Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने एक महिला के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। ब्लेड के हमले से घायल महिला के चेहरे पर 118 टांके लगे हैं। महिला ने बदमाशों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित सीमा सोलंकी अपने तीन बच्चों और पति के साथ शिवाजी नगर में रहती है। वह एक डॉक्टर की हाउस हेल्पर है।

भोपाल में मनचलों ने महिला पर किया ब्लेड से हमला

पीड़िता 9 जून की रात 8 बजे अपने पति के साथ बाहर गई थी। पति जब पानी की बोतल लेने दुकान पर गया तो पीड़िता बाइक के पास अकेली खड़ी थी। तभी ऑटो से आए तीन बदमाशों ने महिला के साथ अश्लील कमेंट करना शुरू कर दिया। महिला ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। महिलाओं और युवकों के बीच विवाद बढ़ने पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तीनों युवक ऑटो में बैठकर वहां से चले गए।

पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज

इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ बाइक से घर जाने के लिए निकली। तभी पीछे से आए तीनों युवकों ने महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे महिला के आंख से कान तक गहरा घाव हो गया। पति ने महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। महिला का कहना है कि उसे चेहरे पर 118 टांके लगे हैं। शनिवार को महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वहीं आरोपी अभी पुलिस हिरासत से बाहर है। पुलिस का कहना है कि दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की जांच अभी जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

End of Article