Ghaziabad: पत्रकार विक्रम जोशी की इलाज के दौरान हुई मौत, बदमाशों ने बेटियों के सामने मार दी थी गोली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2020, 07:21 AM IST

Ghaziabad News: गाजियाबाद में गोली लगने के बाद पत्रकार की इलाज के दौरान मौत हो गई। कुछ बदमाशों ने उनकी बेटी के सामने उनके सिर में गोलियां मार दी थी।

Ghaziabad: पत्रकार विक्रम जोशी की इलाज के दौरान हुई मौत, बदमाशों ने बेटियों के सामने मार दी थी गोली

गाजियाबाद : गाजियाबाद में पत्रकार को गोली मारने का मामला गहराता जा रहा है। पत्रकार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। कुछ बदमाशों ने अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद गुस्से में आकर पत्रकार को गोली मार दी थी। उनके मौत की खबर यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों ने सुबह 4 बजे के करीब दी। पुलिस ने अब तक 9 लोगों को इसमें गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक पत्रकार ने अपनी भतीजी के साथ हो रहे छेड़छाड़ का विरोध किया था और इस घटना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित लड़की ने बाद में अपने साथ हुए वाक्ये को बयां भी किया था। उसने बताया था कि आरोपी आते-जाते उसे छेड़ते रहते थे, परेशान करते थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कर लिया था। 

जानकारी के मुताबिक जब विक्रम जोशी पर हमला हुआ तब उनके साथ उनकी बाइक पर उनकी दो बेटियां भी बैठी हुई थी। हमलावर बाइक के पास आ गए और उनकी बाइक को घेर कर गिरा दिया। जोशी की बेटी ने बताया कि पापा ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वे पापा को मारने लगे। इसी दौरान उनमें से एक शख्स ने उनके सिर में गोली मार दी और फिर वे सब वहां से फरार हो गए। 

विक्रम जोशी के भाई ने बताया कि आरोपी युवकों ने उनकी भांजी पर अश्लील फब्तियां कसी थी जिसका विरोध विक्रम ने किया था। उनके साथ मारपीट भी हुई थी। इस घटना को लेकर विक्रम ने विजय नगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद विक्रम जोशी को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थी।

पुलिस के मुताबिक गोली मारने की घटना घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कैद वीडियो के मुताबिक करीब दर्जन भर युवक बाइक से आकर विक्रम जोशी की बाइक को घेर लेते हैं और फिर उसके सिर में गोली मार लेते हैं। गोलीकांड की घटना सोमवार रात 10 बजे के करीब की है। गोलीकांड की घटना के बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी थी जिसके बाद विक्रम को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

End of Article